
नई दिल्ली। रूस ने उत्तर कोरिया से मिसाइल और परमाणु परीक्षणों को बंद करने तथा अमरीका और दक्षिण कोरिया से दिसंबर में प्रस्तावित सैन्य अभ्यास नहीं करने को कहा है। संयुक्त राष्ट्र में रूस के राजदूत वासिली नेबेंजिया ने बुधवार को उत्तर कोरिया से मिसाइल एवं परमाणु परीक्षणों को बंद करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका और दक्षिण कोरिया से दिसंबर में प्रस्तावित सैन्य अभ्यास नहीं करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो स्थिति और खराब होगी। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से कहा कि हम सभी संबंधित पक्षों से पूरी दृढ़ता से कहते हैं कि वे इस तनाव को रोकें। यह आवश्यक है कि एक कदम पीछे हटकर प्रत्येक गतिविधि के परिणामों का आकलन किया जाये।
तानाशाह ने किया हाइड्रोजन बम का परीक्षण
हाइड्रोजन बम का सफल परीक्षण करने के बाद से नॉर्थ कोरिया लगभग 2 महीने से शांत बैठा हुआ था, लेकिन बुधवार को एक बार फिर से नॉर्थ कोरिया ने दुनिया भर के देशों खासकर अमरीका और जापान में हलचल मचा दी है। दरअसल, उत्तर कोरिया ने बुधवार को एक बार फिर से अपना सबसे शक्तिशाली बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च किया है। उसने इस मिसाइल का सफल परीक्षण जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र में किया है।
दक्षिण कोरिया ने भी दागी मिसाइल
उत्तर कोरिया के मिसाइल परीक्षण के जवाब में दक्षिण कोरिया ने भी मिसाइल टेस्ट किया है। दक्षिण कोरिया की आर्मी ने इस बात की पुष्टि की है। अधिकारियों ने कहा कि मिनटों के भीतर ही उत्तर कोरिया के मिसाइल टेस्ट के जवाब में मिसाइल फायर की गई है।
फिर से पैदा हुई युद्ध की स्थित
नॉर्थ कोरिया के इस परीक्षण से अमरीका इसलिए चिंतित हुआ है, क्योंकि इस बैलिस्टिक मिसाइल ने वॉशिंगटन और पूर्वी अमेरिका के समुद्री तट को भी प्रभावित किया है। हर बार की तरह इस बार भी अमरीका ने उत्तर कोरिया के इस सफल परीक्षण का कड़ा विरोध किया है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रक्षा मंत्री जिम मैटिस ने नॉर्थ कोरिया के इस परीक्षण का कड़ा विरोध किया है। इसी के साथ अमरीका और उत्तर कोरिया के बीच एक बार फिर से युद्ध की स्थिति पैदा हो गई है।
Updated on:
30 Nov 2017, 11:37 AM IST
Published on:
30 Nov 2017, 11:37 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.