चीन ने बदला कोरोना वायरस का नाम, इसके पीछे ये है बड़ा कारण
National Health Commission of China ने इस वायरस को एक अस्थाई ऑफिशल नाम नॉवल करॉनावायरस निमोनिया या NCP रखा है
कोरोना वायरस ( coronavirus ) के कारण चीन में अब तक 722 लोगों की जान जा चुकी है
बीजिंग। चीन के वुहान ( Wuhan ) शहर से शुरू होकर दुनिया के 31 देशों में पैर पसार चुका जानलेवा रहस्यमय कोरोना वायरस ( Coronavirus ) का नाम बदल गया है। अब इसका एक अस्थाई ऑफिशियल नाम रखा गया है ताकि दुनियाभर में एकरूपता के साथ इसपर चर्चा की जा सके।
चीन के नैशनल हेल्थ कमीशन ( National Health Commission of China ) ने इस वायरस को एक अस्थाई ऑफिशल नाम नॉवल करॉनावायरस निमोनिया या NCP रखा है। इस संबंध में शनिवार को चीन के स्वास्थ्य आयोग ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए नए नाम का ऐलान किया।
बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि इस जब तक इस वायरस का कोई स्थाई नाम नहीं दिया जाता है तब तक चीन में चीनी सरकार के विभागों और संस्थानों द्वारा इसके लिए इस नए नाम का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
आपको बता दें कि किसी भी वायरस का नया नाम इंटरनैशनल कमिटी ऑन टैक्सोनॉमी ऑफ वायरस द्वारा रखा जाता है। फिलहाल इस वायरस के नामकरण के लिए साइंटिफिक जर्नल और कमिटी को एक नाम सबमिट कर दिया गया है और कुछ दिनों में इसके नए नाम को घोषित किए जाने की उम्मीद है।
मरने वालों की संख्या 720 के पार
मालूम हो कि इस रहस्यमय कोरोना वायरस के कारण चीन में अब तक 722 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 34 हजार से अधिक लोग संक्रमित हैं।
शुक्रवार को हुबेई में 81 और दूसरे प्रांतों में 5 और मौतें हुईं। वहीं शनिवार को हुबेई में 2,841 नए मामलों की पुष्टि हुई। अब तक हुबेई में कुल 24,953 मामले सामने आ चुके हैं और 699 लोगों की मौत हो चुकी है।
इस वायरस ने देखते ही देखते दुनिया के करीब 31 देशों में पैर पसाल लिए हैं। इसके कारण दुनियाभर में हाहाकार मचा हुआ है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वैश्विक आपातकाल की घोषणा की है।