
भोपाल। बदलते समय के साथ अब भक्तिका ट्रेंड भी बदलता जा रहा है। कोरोना काल में जब मंदिर बंद थे और कुछ मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था शुरू की गई थी। यह व्यवस्था अब लोगों को खूब पसंद आ रही है। कई लोग घर बैठे रोजाना ऑनलाइन भगवान के दर्शन कर रहे हैं। इसमें युवाओं की संख्या सबसे अधिक है, न सिर्फ भोपाल बल्कि, भोपाल से बाहर रहकर जॉब करने वाले कई युवा भी रोजाना ऑनलाइन दर्शन कर रहे हैं। राजधानी भोपाल के कई मंदिर ऐसे हैं, जहां प्रतिदिन 30 हजार भक्त घर बैठे ऑनलाइन दर्शन कर रहे हैं। आइए चलते हैं शहर के इन मंदिरों में जहां भक्त सबसे ऑनलाइन दर्शन करना पसंद कर रहे हैं।
इन मंदिरों में है ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था
शहर के बड़वाले महादेव मंदिर, भवानी मंदिर सोमवारा, काली मंदिर, करुणाधाम आश्रम, महालक्ष्मी मंदिर में ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था है। इस सोशल मीडिया तकनीक के जरिए कई लोग नित्य मंदिरों के फेसबुक, इंस्ट्राग्राम पेज के जरिए ऑनलाइन दर्शन और कमेंट्स करते है।
ऑनलाइन दर्शन के लिए विदेश से भी जुड़े हैं श्रद्धालु
जब शुरुआत हुई थी, तब ऑनलाइन दर्शनार्थियों की संख्या कम थी, लेकिन अब लगातार संख्या बढ़ती जा रही है। शहर के इन चार मंदिरों में रोजाना 30 हजार से अधिक श्रद्धालु ऑनलाइन दर्शन कर रहे हैं, इनमें युवाओं की संख्या करीब 70 प्रतिशत है। नेहरू नगर स्थित करुणाधाम आश्रम से भी देश विदेश से कई श्रद्धालु जुड़े है। यूट्यूब, फेसबुक, इंस्ट्राग्राम के माध्यम से रोजाना तकरीबन 1500 से 2000 लोग शामिल होते हैं।
जुड़ चुके हैं हजारों श्रदालु
बड़वाले महादेव मंदिर, भवानी मंदिर और काली मंदिर के फेसबुक, इंस्ट्राग्राम पेज बनाने वाले प्रकाश मालवीय ने बताया कि हजारों श्रदालु जुड़ चुके हैं, जो इन पेजों को फॉलो कर घर से भगवान के ऑनलाइन दर्शन कर रहे हैं। रोजाना दर्शन के साथ युवाओं के कमेंट्स भी आते हैं। शुरुआत में 15 से 20 हजार लोग ऑनलाइन जुड़े थे, अब रोजाना तीनों ही मंदिरों में करीब 30 हजार श्रद्धालु जुड़ रहे हैं, जबकि सावन, नवरात्र सहित अन्य अवसरों पर यह संख्या 50 हजार से अधिक हो जाती है। तीनों मंदिरों के पेजों पर नियमित एक हजार कमेंट जैसे जय शिवा, जय मातादी, विनती सुन लो प्रभु, जैसे कमेंट में अपनी भावनाएं लिखकर भेज रहे हंै।
Published on:
15 Dec 2022 11:33 am
