
Bharat Mobility Global Expo 2025: एशिया के सबसे बड़े ऑटो शो की शुरुआत कल से होने जा रही है। जानकारी के लिए बता दें कि, यह इवेंट पिछले एक दशक से ग्रेटर नोएडा में आयोजित हो रहा था, लेकिन अबकी बार इसकी शुरुआत दिल्ली से होने जा रही है। 17 से 22 जनवरी, 2025 तक, प्रगति मैदान के भारत मंडपम में देशी-विदेशी 34 प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियां इसमें हिस्सा लेने जा रही हैं। यहां पर ये कंपनियां अपनी लेटेस्ट कारें, बाइक्स और एडवांस टेक्नोलॉजी को पेश करेंगी। इस बार का ऑटो एक्सपो पहले से कहीं ज्यादा विविधतापूर्ण होगा, क्योंकि 6 अलग-अलग ऑटोमोबाइल सेक्टर रिलेटेड प्रदर्शनी दिल्ली क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर आयोजित की जा रही हैं, जिसका एक हिस्सा ऑटो एक्सपो भी है।
इस बार ऑटो एक्सपो के साथ-साथ इंडिया इंटरनेशनल टायर शो, भारत बैट्री शो, स्टील पवेलियन, मोबिलिटी टेक पवेलियन और इंडिया साइकल शो भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य यह है कि ऑटोमोबाइल और मोबिलिटी से संबंधित सभी क्षेत्रों को एक मंच पर लाकर उनके बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जा सके।
ऑटो एक्सपो के प्रमुख आयोजक, सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरर्स (SIAM) के महानिदेशक, राजेश मेमन ने बताया कि, ऑटो एक्सपो के पहले दो दिन मीडिया और बिजनेस के लिए होंगे, जबकि 19 से 22 जनवरी तक यह आम जनता के लिए खुला रहेगा। इस बार एक खास बात यह है कि जनता के लिए फ्री एंट्री कर दी गई है, यानि कि फ्री में घूम सकेंगे। ऐसे में अगर आप भी जाना चाहते हैं तो यहां क्लिक कर अपने पास से जुड़ी पूरी जानकारी ले सकते हैं।
इस बार कुल 34 प्रमुख कार निर्माता कंपनियां भाग लेंगी, जो सखता है कि भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में कितना पोटेंशियल है। कई कंपनियां अपनी नई इलेक्ट्रिक कारों और अन्य व्हीकल्स की ग्लोबल लॉन्चिंग भी करेंगी, और साथ ही भारतीय मोबिलिटी के भविष्य को लेकर अपने विजन को भी शेयर करेंगी।
ऑटो एक्सपो में शामिल होने वाली प्रमुख कंपनियों की लिस्ट में टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टोयोटा किर्लोस्कर, किया मोटर्स, हुंडई मोटर इंडिया, जेएसडब्लू, और एमजी मोटर शामिल हैं, जो भारतीय बाजार में अपनी नई इलेक्ट्रिक कारों को पेश करेंगी। इसके आलावा, बीएमडब्लू, मर्सिडीज बेंज, स्कोडा, टीवीएस मोटर्स, बजाज ऑटो, सुजुकी, यामाहा, हीरो मोटोकॉर्प और होंडा मोटरसाइकिल जैसी प्रमुख कंपनियां भी अपने प्रोडक्ट्स और टेक्नोलॉजी को दिखाएंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम का उद्घाटन 17 जनवरी, 2025 को करेंगे। गौरतलब है कि ऑटो एक्सपो का आयोजन हर दो साल में नई दिल्ली के प्रगति मैदान में होता था, लेकिन 2014 से निर्माण कार्य के कारण इसे ग्रेटर नोएडा स्थानांतरित कर दिया गया था। इस बार यह फिर से दिल्ली लौट रहा है। केंद्र सरकार ने इस बार सिर्फ ऑटोमोबाइल कंपनियों के प्रदर्शन तक इसे सीमित नहीं रखा, बल्कि "भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो" के नाम से एक बड़े मोबिलिटी प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें परिवहन से संबंधित अन्य क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है।
Updated on:
16 Jan 2025, 12:31 PM IST
Published on:
16 Jan 2025, 12:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.