
राम मंदिर चंदा चोरी में SIT का बड़ा खुलासा (फोटो- पत्रिका)
Ram Mandir News: राम मंदिर में रामलला को चढ़ाए गए दान और चंदे की चोरी के मामले में विशेष जांच दल (SIT) की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, एसआईटी की जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि दान पेटी से निकाले गए नोटों की गिनती के दौरान सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी की जा रही थी। न तो कर्मचारियों की ठीक से चेकिंग होती थी और न ही उनके लिए कोई सख्त ड्रेस कोड लागू था। सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आई है कि मंदिर के पवित्र चढ़ावे को गिनने का काम निजी सिक्योरिटी एजेंसी के कर्मचारियों को ठेके पर लेकर कराया जाता था।
एसआईटी की गहन जांच में यह बात प्रमुखता से सामने आई है कि रामलला के खजाने की गिनती का काम पूरी तरह से प्राइवेट कर्मचारियों के भरोसे छोड़ दिया गया था। हैरानी की बात यह है कि इन बाहरी कर्मचारियों का उचित पुलिस वेरिफिकेशन भी नहीं कराया गया था।
जांच दल ने अपनी पड़ताल में पाया है कि नोट गिनने वाले कर्मचारियों के लिए कोई विशेष ड्रेस कोड निर्धारित नहीं किया गया था। आमतौर पर खजाने या बैंक की चेस्ट जैसी जगहों पर बिना जेब वाले कपड़े पहनाए जाते हैं ताकि कोई भी व्यक्ति आसानी से चोरी न कर सके। लेकिन अयोध्या में गिनती स्थल पर ऐसा कोई नियम लागू नहीं था। इसके अलावा काम खत्म होने के बाद जब ये कर्मचारी बाहर निकलते थे तो उनकी कोई सघन तलाशी या चेकिंग भी नहीं की जाती थी। इसी घोर लापरवाही का फायदा उठाकर चंदा चोरी की इस बड़ी घटना को अंजाम दिया गया।
चंदा चोरी मामले की जांच में यह भी सामने आया है कि जिस जगह पर चढ़ावे की गिनती होती थी वहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भी उस स्तर की नहीं थी जैसी इतने संवेदनशील काम के लिए होनी चाहिए। अब एसआईटी इस पूरे मामले में शामिल हर एक व्यक्ति की गहराई से जांच पड़ताल कर रही है ताकि चोरी में शामिल सभी दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
Updated on:
22 Jun 2026 12:51 pm
Published on:
22 Jun 2026 12:51 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
