Gurmeet Ram Rahim गुरमीत राम रहीम की पैरोल अवधि रात 12 बजे समाप्त हो गई। इसके बाद आज सोमवार को हरियाणा पुलिस कई गाड़ियों में बरनावा स्थित आश्रम डेरा सच्चा सौदा पहुंची। जहां से डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को हरियाणा पुलिस अपने साथ लेकर रोहतक की सुनारिया जेल के लिए रवाना हुई। डेरा प्रमुख गुरमीत के जाते ही आश्रम में वीरानी छा गई। सेवादार और अनुयायी बहुत ही मायूस हो गए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। गुरमीत राम रहीम को हरियाणा के रोहतक की सुनारिया जेल से गत 17 जून को एक महीने का पैरोल मिला था। जिसके बाद हरियाणा पुलिस गुरमीत राम रहीम को डेरा सच्चा सौदा आश्रम बरनावा में छोड़ गई थी। उसके बाद से बरनावा स्थित इस डेरे की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी। वहीं डेरा प्रमुख के अनुयायी हरियाणा,दिल्ली, राजस्थान, पंजाब तक से उनसे मिलने आते रहे थे।