
बागपत। लॉकडाउन के दौरान कालाबाज़ारी और खाने पीने की चीजों पर अधिक दाम नहीं वसूलने को लेकर सरकार ने सख्त आदेश दिए थे। जिसके बाद भी कुछ जगहों पर लोगों से अधिक दाम वसूलने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इस कड़ी में एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें बागपत जनपद में शराब की एक दुकान पर ओवररेटिंग का खेल हो रहा।
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में सेल्समैन एक बोतल पर 50 रुपये अधिक लेने की मांग कर रहा है। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद जिला आबकारी अधिकारी ने वीडियो की जांच कराने के बाद अनुज्ञापि के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, मामला कोतवाली बडौत इलाक़े का है। जहां सराय रोड पर जोगिंदर सिंह के नाम पर एक अंग्रेजी शराब की दुकान है। वायरल वीडियो में इस शराब की दुकान पर मौजूद सेल्समैन एक ग्राहक से शराब की ओवररेटिंग कर रहा। वहीं ग्राहक ने इस पूरे मामले को फोन में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इस मामले में जिला आबकारी अधिकारी अखिलेश कुमार का कहना है कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद अनुज्ञापि और सेल्समैन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की भी कार्रवाई की जा सकती है।
Updated on:
3 Jun 2020, 4:16 PM IST
Published on:
3 Jun 2020, 2:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.