
बालोद/गुंडरदेही. मनरेगा के तहत मिट्टी-मुरुम सड़क कार्य स्वीकृत नहीं होने से काम की कमी के कारण क्षेत्र के बेरोजगार परेशान हैं। वहीं काम नहीं मिलने से किसान पूरे परिवार के साथ बड़े नगर या अन्य प्रांतों की ओर पलायन कर रहे हैं। वहीं गुडरदेही विस क्षेत्र में धान खरीदी में की गई गड़बड़ी मामले को भी विधायक राजेन्द्र रॉय ने विधानसभा में उठाया।
विधायक रॉय में विस में जानकारी दी कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार ? गारंटी अधिनियम की अनुसूची -1 की कंडिका - 04(1) में योजनान्तर्गत लिए जाने वाले कार्य जैसे नवीन मिट्टी सड़क, आंतरिक सीसी रोड व मैदान समतलीकरण पर शासन के आगामी आदेश तक स्वीकृत न करते हुए प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया गया है। इस कारण मनरेगा के तहत एक भी काम स्वीकृत नहीं हो रहे हैं।
बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे ज्यादा कार्य किसानों के खेत पहुंच मार्ग की आवश्यकता होती है, जिसका प्रस्ताव जिला प्रशासन को प्रेषित किया जा रहा है, किन्तु जिला कार्यालय द्वारा मिट्टी-मुरुम कार्य स्वीकृत नहीं किए जा रहे हैं, जिससे रोजगार मूलक कार्य भी नहीं हो रहे हैं। राय ने मांग की कि कम से कम मनरेगा के नियमानुपात 60:40 वाले मार्गों को ही स्वीकृत करें। ऐसे कार्य स्वीकृत न होने के कारण किसान, बेरोजगार पलायन कर रहे हैं।
इसके साथ विधायक ने ग्राम फरदफोड़ के धान उपार्जन केन्द्र में धान खरीदी गड़बड़ी मामले को उठाते हुए प्रश्न किया कि एक कट्टा में 40 किलो धान आता है, लेकिन देवरी सेवा सहकारी समिति मर्या. के धान उपार्जन केन्द्र फरदफोड़ एवं मोखा में एक से डेढ़ किलो तक अधिक तौलाई की गई।
विधायक राय ने बताया कि वहां पहुंचकर धान तौलक यादव राम से पूछा तो कहा हमें ऊपर से आदेश है कि एक से डेढ़ किलो तक अधिक धान तौलें। इस शिकायत पर अभी तक क्या कार्रवाई की गई, इस पर सहकारिता मंत्री दयालदास ने जानकारी दी कि मामले में तहसीलदार द्वारा पेश की गई रिपोर्ट के अनुसार जो दोषी अधिकारी हंै उन पर कार्रवाई हो रही है।
इस पर विधायक राजेन्द्र रॉय ने सवाल किया कि समर्थन मूल्य के धान खरीदी के जिला नोडल अधिकारी, सीईओ, को-ऑपरेटिव और समिति प्रबंधक के विरूद्ध अगर जांच रिपोर्ट सही है तो इनके विरूद्ध ठोस कार्रवाई होगा? जिस पर सहकारिता मंत्री ने कहा कि फरदफोड़ उपार्जन केन्द्र के खरीदी प्रभारी टेमन लाल सिन्हा को निलंबित किए गए हंै।
देवरी के शाखा प्रबंधक जीआर शिवानी और संचालक मंडल को नोटिस जारी किया गया है। मोखा समिति में केन्द्र प्रभारी संतराम महेन्द्र, पर्यवेक्षक भूपा साहू को निलंबित किए गए हैं और संचालक मंडल को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही वहां के समिति संचालकों को भी नोटिस दिए हंै।
Published on:
21 Feb 2018 11:58 am
बड़ी खबरें
View Allबालोद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
