
इस जिले के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, वायु सेना भर्ती रैली रायपुर में 30 से, यह जरूरी दस्तावेज लेकर जाएं साथ
बालोद. देश सेवा के साथ रोजगार के लिए युवाओं को अवसर मिला है। इसके लिए एयरमैन सलेक्शन सेंटर भोपाल एवं जिला प्रशासन रायपुर द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम साइंस कॉलेज रायपुर में 30 अगस्त से 05 सितंबर तक वायु सैनिक ग्रुप वाई आईएएफ (एस) की भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा।
यह हो सकते हैं रैली में शामिल
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया वायु सैनिक भर्ती रैली में बालोद जिले के लिए 31 अगस्त तिथि निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया रैली में ऐसे सभी अविवाहित पुरुष जिनकी जन्मतिथि 14 जुलाई 1998 से 26 जून 2002 तक (दोनों दिवस सम्मिलित), ऊंचाई कम से कम 152.5 सेंटीमीटर, इंटरमीडियट/10+2 समकक्ष परीक्षा में किसी भी स्ट्रीम से विषय जो कि केन्द्रीय/राज्यकीय शिक्षा बोर्ड द्वारा मान्यता प्राप्त हो, न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक एवं अंग्रेजी विषय में भी न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक सहित उत्तीर्ण किया हो शामिल हो सकते हैं।
शाम 5 बजे तक प्राप्त करें टोकन
उन्होंने बताया कि बालोद जिले के इच्छुक आवेदक 31 अगस्त को सुबह पांच बजे निर्धारित स्थान पर उपस्थित होकर टोकन प्राप्त कर सकते हैं। टोकन प्राप्त उम्मीदवार ही परीक्षा में भाग ले सकेंगे। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया भर्ती से संबंधित विस्तृृत जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र बालोद में संपर्क किया जा सकता है।
यह दस्तावेज लेकर जाएं अपने साथ
जानकारी दी गई कि रैली के इच्छुक योग्यताधारी आवेदक सभी शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण पत्रों की मूलप्रति एवं 3 स्वयं द्वारा प्रमाणित छायाप्रति, 10 पासपोर्ट आकार की रंगीन नवीनतम फोटो, 2 सफेद रंग के 26.12 सेंटीमीटर साइज के लिफाफे, पहचान प्रमाण (आधार कार्ड, वोटर कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि में से कोई भी एक), रबर, पेंसिल एवं पेन के साथ निर्धारित स्थान, तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर रैली का लाभ उठा सकते हैं।
Published on:
22 Aug 2018 03:19 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
