
गरियाबंद. पिछले दो महीनों से बिजली बिल में वृद्धि की शिकायत को लेकर सैकड़ों लोग विभाग में अपनी शिकायत दर्ज कर चुके हैं। लेकिन फिर भी उनको राहत नहीं रही है। बिजली के कर्मचारियों शिकायतों को खारिज करते हुए कहते है, कि जितना इस्तेमाल किया उतना बिल आया है। आपको बिल का भुगतान करना ही पड़ेगा। नहीं तो कनेक्शन काट दिया जाएगा। जिसके डर के चलते लोग बिजली बिल का भुगतान करने पर मजबूर हैं।
कई घरों में तो बिजली का बिल गलत रीडिंग की वजह से 1 लाख रुपए से अधिक का आया है। हालांकि की कुछ शिकायतों में कार्रवाई कर बिल में कटौती कर दी गई है। लेकिन ज्यादातर मामलों में आए हुए बिजली बिल का भुगतान जनता को करना पड़ रहा है।
वार्ड नं 8 में रहने वाली सुमित्रा बाई के यहां पूर्व में एकल बत्ती कनेक्शन लगा हुआ था। इसके चलते बिल नहीं भुगतान करना पड़ता था, लेकिन सालभर पहले सभी घरों में बिजली का मीटर लग रहा है कहकर बिजली विभाग वालों ने घर में मीटर लगवा दिया। जिसके बाद सालभर से हर माह 100 से 130 तक का बिल की जगह इस माह 7810 का बिल भेज दिया गया। जबकि घर मे 3 बल्ब जलते हैं।
शिकायत वार्ड पार्षद योगेश बघेल के साथ जाकर बिजली कार्यालय में की तो अधिकारी मानने को तैयार ही नहीं हैं। उनका कहना है कि जितना इस्तेमाल किया है उसी के मुताबिक बिल आया है भुगतान तो करना ही पड़ेगा। इसी तरह फरवरी माह का बिल वार्ड नं-1 में रहने वाले चेतन यादव के यहां 47 हजार का थमा दिया गया था।
इसकी जिसकी शिकायत उपभोक्ता द्वारा करने पर 47 हजार का बिल 1960 रुपए का दे दिया गया। वार्ड-10 के नागेश गजभिये के यहां एक माह का बिजली बिल 43 हजार का भेजा गया। इसमें उपभोक्ता की शिकायत के बाद बिल विभाग वालों ने वापस मांगा लिया है, लेकिन नया बिल अभी तक जारी नहीं किया है।
एक छोटे से दुकान में भेजा 4 लाख का बिल
स्पॉट बिलिंग के लिए रखे गए कर्मचारी की गलती की वजह से नगर के एक दुकानदार के यहां 4 लाख 18 हजार 370 रुपए का बिल आ गया। इसको लेकर बिजली विभाग की काफी किरकिरी भी हुई। बावजूद इसके सिस्टम सुधरने के दिन-ब-दिन बिगड़ता जा रहा है। शिकायत करने वालों की संख्या में भारी इजाफा हो रहा है।
अस्सिटेंट इंजीनियर केपी व्यका ने कहा कि स्पॉट बिलिंग की शुरुवात अभी हुई है। शुरू-शुरू में थोड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। लेकिन आने वाले दिनों में कम अधिक राशि के बिल से जनता को छुटकारा मिलेगा। जितना इस्तेमाल होगा उतना ही बिल आएगा। अगर किसी उपभोक्ता का अधिक बिल आता है, तो वह हमसे आकर मिले जो भी गुंजाइश या गलती होगी उसका निराकरण किया जाएगा।
Published on:
18 Apr 2018, 6:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.