
Cattle smuggler
राजपुर. बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के डौरा पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर ग्राम भेंडरी पुल के पास 5 मवेशी तस्करों को धर दबोचा। आरोपियों के पास से 14 मवेशी बरामद किए गए। वे मवेशियों को झारखंड के बूचडख़ाने ले जा रहे थे। जब पुलिस ने मौके पर दबिश दी तो आरोपियों में शामिल 2 बाइक सवार भागने लगे, जिन्हें पीछा कर पुलिस ने धरदबोचा। ये दोनों पुलिस की ही निगरानी में लगे थे।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के डौरा चौकी प्रभारी अवनीश श्रीवास को सोमवार की सुबह लगभग 5 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गोपालपुर, दबगड़ी से मवेशियों को जंगल के रास्ते झारखंड के बूचडख़ाना तस्करों द्वारा ले जाया जा रहा है। चौकी प्रभारी ने इसकी सूचना एसपी टीआर कोशिमा व एएसपी पंकज शुक्ला को दी।
इस पर अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ग्राम भेंडरी में पुल के पास घेराबंदी की। पुलिस को मौके पर देख मवेशियों को ले जा रहे दो बाइक पर सवार २ आरोपी भागने लगे, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने पीछा कर पकड़ लिया।
वहीं तीन आरोपी १४ मवेशियों के साथ पकड़े गए। पुलिस ने ग्राम विजयनगर निवासी २५ वर्षीय आफताब पिता सैयद, उसके बड़े भाई २८ वर्षीय कमरुल हक, ३५ वर्षीय मंसूर अंसारी पिता जन्नत हुसैन, ४८ वर्षीय कौशर अली पिता मुस्तिक व ग्राम चंदौरा चलगली निवासी ६० वर्षीय रामविलास यादव पिता शिवरतन यादव को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी अवनीश श्रीवास, शत्रुघ्न, संदीप, राजेंद्र व भगत सिंह शामिल रहे।
पुलिस की कर रहे थे निगरानी
आरोपी बेहद शातिर अंदाज में मवेशियों को गोपालपुर दबगड़ी से जंगल के रास्ते झारखंड के बूचडख़ाना ले जा रहे थे। आरोपियों में दो लोग अलग-अलग बाइक से आगे पीछे इसलिए चल रहे थे कि पुलिस सहित अन्य कोई पहुंचे तो तत्काल साथियों को अलर्ट कर सकें।
Published on:
3 Sep 2018, 10:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.