रामानुजगंज. Jwellery loot: नगर के आढ़त मोड़ स्थित ज्वेलरी दुकान से मंगलवार की सुबह 11 बजे बाइक सवार 2 लुटेरे सोने-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। दुकान संचालिका ने युवकों का पीछा किया लेकिन लुटेरे तेजी से फरार हो गए। दरअसल महिला घर से सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग लेकर दुकान खोलने पहुंची थी। उसने जैसे ही शटर उठाया, उसी समय पीछे से बाइक सवार युवक वहां पहुंचे और बैग लेकर फरार हो गए। बैग में 7-8 लाख रुपए के जेवर होने की बात कही जा रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की। लूट की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। महिला के पति की मौत 2 साल पूर्व हो गई थी, उसका रो-रोकर बुरा हाल है।