बलरामपुर. Rakshabandhan 2023: इस बार रक्षाबंधन का त्योहार पिछले कुछ वर्ष की भांति फिर दो दिन मनाया जाएगा। भाइयों को राखी बंधवाने के लिए एवं बहनों को राखी बांधने के लिए लंबी अवधि का इंतजार करना पड़ेगा। सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त भी 2 घंटे 3 मिनट का रहेगा क्योंकि रक्षाबंधन के तिथि के दिन ही सुबह से ही भद्रा लग जा रहा है। इसलिए इस बार रक्षाबंधन का त्योहार 30 अगस्त या 31 अगस्त को मनाया जाए, इसे लेकर संशय की स्थिति निर्मित हो रही है। 30 अगस्त को सुबह 10.13 से पूर्णिमा तिथि लग रही है जो 31 अगस्त की सुबह 7.46 तक रहेगी। पौराणिक नियम अनुसार इस अवधि में रक्षाबंधन का त्योहार मनता है लेकिन जैसे ही 30 अगस्त को पूर्णिमा तिथि चढ़ रही है, वैसे ही भद्रा सुबह 10.13 से लग जा रहा है जो रात को 8.57 तक रहेगा, इसलिए 30 अगस्त को सुबह से लेकर रात्रि 8.57 तक बहनें भाइयों की कलाई पर रक्षाबंधन नहीं बांध सकेगी।