
भाजपा के इस विधायक के खिलाफ ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन, शहर में मचा हड़कम्प
बांदा. जनपद में मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने बीजेपी विधायक के खिलाफ धरना प्रदर्शन और नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि बीजेपी विधायक ने मंदिर की जमीन पर कब्जा कराया है। अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को आश्वासन देकर समझाया। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 10 दिन में मंदिर परिसर से कब्जा नहीं हटाया गया तो वह लोग अनशन करेंगे।
गांव की मढ़ी दाई देवी के प्राचीन मंदिर परिसर की जमीन पर कब्जा
मामला तिंदवारी क्षेत्र के सैमरा गांव का है जहां के ग्रामीणों ने शहर मुख्यालय पहुंचकर तहसील परिसर में क्षेत्र के बीजेपी विधायक बृजेश प्रजापति के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विधायक पर आरोप लगाया कि विधायक अपने साथियों द्वारा गांव की मढ़ी दाई देवी के प्राचीन मंदिर परिसर की जमीन पर कब्जा करा रहे हैं। इसको लेकर ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की, जिस पर अधिकारी भी वहां पहुंचे, लेकिन विधायक के दबाव के चलते मंदिर परिसर की जमीन से कब्जा नहीं हटाया गया।
ग्रामीण अनशन करने पर होंगे मजबूर
अभी हाल ही में विधायक के इशारे पर उनके ही जाति के लोगों ने मंदिर परिसर में लगे खंभे भी गिरा दिए। इसी कारण पूरा गांव नाराज है। ग्रामीणों ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर मंदिर परिसर से कब्जा नहीं हटाया गया और जो खंबे मंदिर परिसर में गिराए गए थे उन्हें फिर से नहीं लगवाया जाएगा तो ग्रामीण अनशन करने पर मजबूर हो जाएंगे।
उचित कार्रवाई करने का दिया आश्वासन
ग्रामीणों ने विधायक पर यह भी आरोप लगाया विधायक उन्हें फर्जी केस में फंसाने की धमकी भी दे रहे हैं। फिलहाल ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन देख मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए शांत कराया। तब जाकर ग्रामीण मानें और उन्होंने धरना प्रदर्शन खत्म किया।
Updated on:
5 Sep 2018, 1:07 PM IST
Published on:
5 Sep 2018, 10:28 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.