
सरकार बनने के दो माह बाद जिला प्रभारी मंत्रियों की नियुक्ति
बेंगलूरु. राज्य में गठबंधन सरकार के गठन के दो माह बाद मंगलवार को यहां छब्बीस मंत्रियों को विभिन्न जिलों का प्रभारी मंत्री नियुक्त करने के आदेश जारी कर दिए गए। उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर को बेंगलूरु व तुमकूरु जिलों का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है।
मंगलवार को यहां जारी आदेश के अनुसार कांग्रेस के मंत्री आरवी देशपांडे व डीके शिवकुमार को भी दो जिलों का प्रभारी बनाया गया है। देशपांडे को उत्तर कन्नड़ जिले के साथ ही धारवाड़ जिले का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। शिवकुमार को रामनगर के साथ ही बल्लारी जिले का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
कृष्ण बैरेगौड़ा को बेंगलूरु ग्रामीण व उनके गृह जिले कोलार का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उद्योग मंत्री केजे जार्ज को चिक्कमगलूर, रमेश जारकीहोल्ली को बेलगावी, शिवानंद पाटिल को बागलकोट, प्रियांक खरगे को कलबुर्गी, राजशेखर पाटिल को यादगीर और वेंकट रणमप्पा को चित्रुदर्गा जिले का प्रभारी मंत्री बनाया गया है।
यूटी खादर को दक्षिण कन्नड़, पुट्टरंग शेट्टी को चामराजनगर, जमीर अहमद खान को हावेरी, जयमाला को उडुपी, आर. शंकर को कोप्पल, एन. महेश को गदग, वेंकटराव नाडग़ौड़ा को रायचूर, एआर श्रीनिवास को दावणगेरे जिले का प्रभार दिया गया है। सीएस पुट्टराजु को मंड्या, सारा महेश को कोडुग़ू, बंडप्पा काशमपुर को बीदर, एचडी रेवण्णा को हासन, डीसी तमण्णा को शिवमोग्गा, एमसी मनगोली को विजयपुर, जबकि जीटी देवेगौड़ा को मैसूरु जिले का प्रभारी बनाया गया है।
अपना बयान वापस लें कुमारस्वामी: सतीश जारकीहोली
बेंगलूरु. कांग्रेस विधायक सतीश जारकीहोली ने मुख्यमंत्री कुमारस्वामी की उत्तर कर्नाटक संबंधी कथित टिप्पटणी को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक का विकास होना चाहिए और इसमें भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। पिछले दस साल में सड़कों के विकास व सिंचाई क्षेत्र के विकास की दिशा में काफी काम हुआ है और क्षेत्र के और अधिक विकास के लिए संघर्ष का हम समर्थन करते हैं। लेकिन राज्य को दो भागों में बांटने की मांग की हम बिल्कुल समर्थन नहीं करते हैं।
उन्होंने कहा कि कुमारस्वामी पूरे राज्य के मुख्यमंत्री हैं और उन्हें उत्तर कर्नाटक को लेकर विघटनकारी टिप्पणियां नहीं करनी चाहिए और अपना बयान वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेलगावी में हो रहा विरोध-प्रदर्शन विकास के लिए है, जिसमें हम भी शामिल होंगे। वहां पर पृथकता के लिए आंदोलन नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि हमारे क्षेत्र का भी मैसूरु, बेंगलूरु व मेंगलूरु की तरह विकास हो। हमारा मानना है कि कुमारस्वामी सभी क्षेेत्रों को एक नजर से देखेंगे।

Published on:
01 Aug 2018 03:47 pm
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
