
पेंशन के जाली आदेश पत्र देने वाला गिरफ्तार
बेंगलूरु. हासन पुलिस ने एक धोखेबाज को गिरफ्तार कर कई सरकारी विभागों के जाली लेटर हेड और मोहरे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार हासन के कृष्णराजपुर निवासी मनोहरन कुमार (45) दो हजार रुपए लेकर विकलांग, बुजर्गों और विधवाओं को मिलने वाली मासिक पेंंशन के आदेश पत्र एक घंटे में बनाकर दे देता था। यह आदेश पत्र फर्जी होते थे।
आरोपी मोहन कुमार लाभार्थियों से संपर्क कर उनकी तस्वीरें, आधार कार्ड, मतदाता पहचान कार्ड और अन्य दस्तावेज की प्रतिलिपि लेता था। जाली आदेश पत्र देने के बदले 2 हजार से 5 हजार रुपए तक ऐंठता था। इस मामले में कई शिकायतें मिलने पर विकलांग कल्याण विभाग के एक विकलांग कर्मचारी किरण कुमार को पेंशन के लिए आरोपी मोहन कुमार के पास भेजा गया। मोहन कुमार ने किरण कुमार से 1500 रुपए और एक तस्वीर ली थी। आरोपी ने किरण कुमार को पहले डाक घर के पास बुलाया था। फिर सरकारी बस अड्उे के पास एक होटल में बुलाया था।
मोहन कुमार ने शेष पांच सौ रुपए लेकर किरण कुमार को जाली पेंशन आदेश पत्र दिया। उसी समय पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच से पता चला है कि आरोपी पांच साल यह गोरखधंधा कर रहा था। उसके पास विभिन्न 20 विभागों ंके जाली आधिकारिक पत्र, वरिष्ठ अधिकारियों के हस्ताक्षर वाली मुहरें और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस के उसके निवास पर छापा मार कर प्रिंटिंग प्रेस मशीन, एक कंप्यूटर, लैपटाप बरामद किए हैं।
---
पांच पुलिस कर्मचारी निलंबित
मैसूरु. पुलिस आयुक्त डॉ.ए.सुब्रमण्येश्वर राव ने एक ब्यूटी पार्लर की मालकिन से रिश्वत लेने के आरोप में पांच पुलिस कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। केंद्रीय अपराध जांच शाखा (सीसीबी) और विजय नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर गत 29 जुलाई को जिस्म फरोशी की शिकायत मिलने पर एक ब्यूटी पार्लर पर छापा मारा था। वहां से सात युवतियों की रक्षा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
छापे के दौरान एक डायरी मिली थी। उसमें पार्लर की मालकिन से सीसीबी को सात हजार और विजय नगर पुलिस थाने के कर्मचारियो को 10 हजार रुपए रिश्वत देने का खुलासा हुआ था। मामले की जांंच में पुलिस द्वारा रिश्वत लेने की बात सच साबित हुई। सीसीबी के रवि कुमार, कृष्णे गौड़ा, मंजूनाथ, विजय नगर थाने के सण्णप्पा और दिवाकर को निलंबित किया गया।
Published on:
09 Aug 2018 09:07 pm
