
Sanjay Raut Statement
नई दिल्ली. शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा है कि कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस नबंर वन पार्टी बनकर उभरेगी। भाजपा जिसने कर्नाटक चुनाव जीतने के लिए सारी ताकत झोंक दी है, उसके लिए अपनी ही सहयोगी पार्टी के नेता का ये बयान चिंता का कारण हो सकता है।
राउत ने कहा कि जब भी किसी राज्य में विधानसभा चुनाव होते हैं तो भाजपा अपने केंद्र की सारी मशीनरी और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को वहां प्रचार करने के लिए भेज देती है। अपने राज्यों और प्रशासन को बीच में छोड़कर इस तरह किसी राज्य के चुनाव के लिए जिस तरह सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया जा रहा है, पूरा देश ये देख रहा है।
संजय राउत ने कहा कि अभी कर्नाटक में धुंध छाई हुई है और जब ये छंटेगी तो कांग्रेस पार्टी नंबर एक पार्टी बनकर सामने आएगी। लोगों ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को सुनना शुरू कर दिया है। राउत ने कहा कि आखिर क्यों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कर्नाटक में दर्जनों रैलियां करनी पड़ रही हैं? क्या बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व को राज्य के अपने लोगों पर भरोसा नहीं है। जब पीएम की जरूरत देश को चलाने के लिए दिल्ली में है ऐसे में उनका कर्नाटक में कैंपेंन में लगना कितना सही है?
---------
दो चैकपोस्ट पर 54 लाख रुपए जब्त
कोलार. चुनाव आयोग की ओर से चुनाव आचार संहिता की निगरानी के लिए स्थापित कोलार तथा बल्लारी जिले के अस्थायी चैकपोस्ट में 54 लाख 50 हजार रुपए की नकदी जब्त की गई है।बल्लारी शहर के कोटे थानांतर्गत स्थापित चैकपोस्ट में जांच के दौरान एक वैन में बगैर किसी दस्तावेज ले जा रही 53 लाख की नकदी बरामद की गई। इस वैन में सवार लोगों ने यह राशि विभिन्न बैंकों के एटीएम में भरने के लिए ले जाने का दावा किया लेकिन इसकी पुष्टि का कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाने के कारण रकम जब्त कर ली गई। रकम होसपेटे उपविभाग के कोषागार में जमा कर दी गई है। कोलार की मुलबागल तहसील के तिम्मराउतनहल्ली चैकपोस्ट पर 1 लाख 50 हजार की नकदी के साथ निजी बस में यात्रा कर रहे तमिलनाडु के एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया।
Published on:
7 May 2018, 7:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.