3 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

चुनाव आयोग के एम्बेसडर द्रविड़ के पोस्टर, वीडियो जारी

राहुल द्रविड़ संदेश दे रहे हैं कि अच्छी तरह से खेलने पर मैच जीतते हैं, सभी के वोट देने पर प्रजातंत्र की जीत होती है
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बैंगलोर

•

image

Ram Naresh Gautam

•

Updated: 29 Mar 2018, 5:32 PM IST

EC

बेंगलूरु. राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी संजीव कुमार ने बुधवार को मतदाता जागरूकता अभियान के एम्बेसडर क्रिकेट खिलाड़ी राहुल द्रविड़ के चित्र, चलचित्र वाले पोस्टर, वीडियो जारी किए। इनमें राहुल द्रविड़ संदेश दे रहे हैं कि 'अच्छी तरह से खेलने पर मैच जीतते हैं, सभी के वोट देने पर प्रजातंत्र की जीत होती है', 'मैं वोट डाल रहा हूं आप भी वोट डालें।' संजीव कुमार ने बताया कि वीडियो क्लिपिंग का राज्य के सिनेमाघरों, टीवी चैनलों पर प्रसारण किया जाएगा।

राहुल द्रविड़ की सामाजिक प्रतिबद्धता के लिए हम उनको धन्यवाद देते हैं। युवाओं को बड़ी संख्या में मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर वोट डालने चाहिए और हरेक को अपना वोट डालकर अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करना चाहिए। उन्होंने बताया कि मतदाता जागरूकता के लिए योगराज भट गीत तैयार कर रहे हैं, जिसका संगीत हरिकृष्णा ने दिया है। बोल विजय प्रकाश के हैं। कोरियोग्राफर इमरान हैं। इस गीत को जिलों के सांस्कृतिक व ऐतिहासिक केन्द्रों की झलकियों के साथ फिल्माया जा रहा है, जिसे अगले सप्ताह जारी किया जाएगा।

तारीखों में बदलाव का कोई प्रस्ताव नहीं
कुमार ने कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीख में बदलाव का कोई भी प्रस्ताव आयोग के समक्ष नहीं है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि स्कूल, कॉलेज में परीक्षाओं, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन, विभिन्न त्योहार व पर्वों के बारे में विमर्श उपरांत ही चुनाव की तारीख तय की गई है। केन्द्रीय निर्वाचन आयोग से तय तारीख पर चुनाव करवाने के लिए हम तैयारियां कर रहे हैं।

सलाहकारों के पास अब कार्यभार नहीं
एक सवाल पर उन्होंने कहा कि गृहमंत्री के सलाहकार केम्पय्या के पास अब कोई कार्यभार नहीं रहेगा, क्योंकि सभी राजनीतिक पद निष्क्रिय हो गए हैं। आदर्श संहिता लागू होने के बाद ऐसे लोग सरकारी कामकाज नहीं कर सकते। यदि किसी ने भी सरकारी कामकाज में दखलंदाजी की तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस मौके पर संजीव कुमार ने कहा कि सभी स्थानों से राजनेताओं के चित्र व पोस्टर हटा दिए गए हैं और प्रदेश के सभी जिलों में पोस्टर हटाने का अभियान जारी है। सरकारी वाहनों के दुरुपयोग को रोकने के कदम उठाए गए हैं। आदर्श संहिता के पालन को सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता दलों का गठन कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि चिक्कबल्लापुर में राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के लिए तैयार भोजन जब्त कर केस दर्ज किया गया है। होन्नावर में सागर रेजीडेन्सी के पास सात लाख रुपए जब्त किए गए हैं। देवर हिप्परगी में ए.एस. पाटिल नड़हल्ली के साडिय़ां बांटने के दौरान साडिय़ों को जब्त किया है। आदर्श संहिता लागू होने के बाद यदि नई नियुक्तियां की जाती हैं तो उन पर रोक लगाई जाएगी। विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की नियुक्तियों की जानकारी नहीं मिली है और सूचना मिलने पर स्वत: संज्ञान लेकर शिकायत दर्ज की जाएगी।

नए विकास कार्यों पर रोक के निर्देश
इस बीच चुनाव आयोग ने राज्य सरकार के अधिकारियों को सांसद, विधायक क्षेेत्रीय विकास कोष के तहत कोई भी नया कार्य शुरू नहीं करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने एक पत्र लिखकर कहा कि जिन कार्यों को मंजूर करके कार्य आदेश जारी हुए हैं, उन कार्यों को भी चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही शुरू करवाना होगा। लेकिन जो कार्य वास्तव में शुरू हो चुके हैं, उनको जारी रखा जा सकता है। इसके अलावा जिन कार्यों के लिए कोष जारी कर दिया गया है और सामग्री खरीद ली गई है, ऐसे कार्य जारी रह सकते हैं।

बड़ी खबरें

View All

बैंगलोर

कर्नाटक