
नार्को परीक्षण के लिए नवीन कुमार फिर राजी
बेंगलूरु. पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता गौरी लंकेश की हत्या के मामले में गिरफ्तार पहले आरोपी के.टी.नवीन कुमार ने नार्को परीक्षण के लिए सहमति दे दी है। इससे पहले भी नवीन ने एक बार नार्को परीक्षण के लिए सहमति दी थी लेकिन विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) पहुंचने पर उसने परीक्षण से मना कर दिया था।
नवीन के वकील वेदमूर्ति ने सत्र अदालत को बुधवार को बताया कि उसका मुवक्किल नार्को परीक्षण के लिए तैयार है। इस मामले की सुनवाई अब गुरुवार को होगी। वेदमूूर्ति ने बाद में मीडिया से बातचीत में कहा कि नवीन ने खुद को निर्दोष साबित करने के लिए नार्को परीक्षण पर सहमति दी है और हमने इसके बारे में अदालत में आवेदन दाखिल किया है।
पढ़ें नार्को ञ्च पेज 13
नवीन कुमार पुलिस ने पहले शस्त्र अधिनियम के तहत फरवरी मेें गिरफ्तार किया था और बाद में गौरी हत्याकांड से तार जुडऩे पर उसे हिरासत में लिया गया था।
मार्च में गौरी हत्याकांड की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआइटी) ने अदालत से नवीन का नार्को परीक्षण कराने के लिए अनुमति मांगी थी। नवीन के इस परीक्षण के लिए लिखित सहमति देने के बाद तृतीय अतिरिक्त मुख्य महानगरीय न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने 12 मार्च को परीक्षण की अनुमति दे दी थी लेकिन 16 अप्रेल को जब उसे अहमदाबाद एफएसएल में परीक्षण के लिए ले जाया गया तो उसने परीक्षण कराने से मना कर दिया।
मंगलवार को मामले की सुनवाई के दौरान सत्र अदालत के जज ने नवीन कुमार से पूछा था कि वह खुद निर्दोष बता रहा है तो फिर नार्को परीक्षण क्यों नहीं कराना चाहता है। अदालत ने नवीन को इस बारे में बताने के लिए कहा था कि वह परीक्षण के लिए तैयार है या नहीं।
गौरतलब है कि पिछले साल 5 सितम्बर को अज्ञात अपराधियों ने घर के बाहर ही गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें परशुराम वाघमारे भी शामिल है जिसके बारे में जांच दल का मानना है कि उसने ही गौरी को गोली मारी थी।
Published on:
28 Jun 2018 05:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
