
एनइइटी मॉप अप काउंसलिंग राउंड : दूसरे दिन भी हुआ हंगामा
बेंगलूरु. राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (एनइइटी) के अंतर्गत प्रदेश के एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए कर्नाटक परीक्षा प्राधिकरण (केइए) की ओर से आयोजित मॉप अप काउंसलिंग राउंड में शुक्रवार को भी काफी हंगामा हुआ। कई विद्यार्थियों और अभिभावकों ने दलालों पर सीट ब्लॉकिंग और काउंसलिंग में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया। कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
ऐसे कुछ मामले भी सामने आए जिसमें उम्मीदवारों के साथ दलाल अभिभावक बन पहुंचे थे। अखिल भारतीय कोटे की सीटे ब्लॉक करने की कोशिश में थे। ऐसे लोगों को पुलिस की मदद से बाहर किया गया। पुलिस की मौजूदगी में काउंसलिंग का आयोजन हो रहा है।
सख्ती बरत रहा केइए
केइए की कार्यकारी निदेशक विनोत प्रिया ने बताया कि सीट ब्लॉकिंग को रोकने के लिए केइए ने अहतियाती कदम पहले से ही उठा रखे थे। ऑनलाइल आवेदन के समय उम्मीदवार के लिए खुद के साथ अभिभावक का फोटो भी अपलोड करना अनिवार्य था। अन्य किसी व्यक्ति को उम्मीदवार के साथ प्रवेश की इजाजत नहीं है।
उन्होंने बताया कि केइए के पास उन विद्यार्थियों की जानकारी नहीं है जिन्हें अन्य राज्यों में सीटे मिल चुकी है। जिसके अभाव में केइए के लिए ऐसे विद्यार्थियों को पहचानना संभव नहीं है। हालांकि अखिल भारतीय कोटे की सीटों के लिए केन्द्रीकृत सूची है। सूची के जो विद्यार्थी पहले ही सीट ले चुुके हैं उन्हें काउंसलिंग में शामिल नहीं होने दिया जा रहा है। प्रिया ने अभिभावकों को चेताया कि आपस में सीटें बदलने का प्रावधान नहीं है। उम्मीदवारों को गुमराह किया जा रहा है।
पुलिस कर रही जांच
केइए के प्रशासनिक अधिकारी गंगाधरैय्या ने बताया कि कार्यालय के बाहरी दीवारों पर सूचना चिपकी है कि आपसी रजामंदी से सरकारी कोटे की सीटें बदलने के इच्छुक उम्मीदवार संपर्क कर सकते हैं। संपर्क नंबर भी दिया गया है। कई बार ऐसी सूचनाओं को हटाया गया है। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस नंबरों की जांच कर रही है।
Published on:
25 Aug 2018 08:40 pm
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
