
वैज्ञानिक क्षेत्र एवं लेखन में हिंदी को बढ़ावा दें : महेश्वर रेड्डी
बेंगलूरु. रक्षा अनुसंधान तथा विकास संगठन की आनुषंगिक प्रयोगशाला रक्षा वैमानिकी अनुसंधान संस्थापन में हिंदी पखवाड़े का समापन, पुरस्कार वितरण समारोह एवं हिंदी दिवस-2018 का आयोजन प्रयोगशाला के आरपीआर सभागृह में किया गया। हिंदी प्रभारी सुनीता अवस्थी सिंह के स्वागत भाषण से आरंभ हुए कार्यक्रम में अध्यक्षीय अभिभाषण में विशिष्ट वैज्ञानिक एवं निदेशक डॉ. के महेश्वर रेड्डी ने सभी सदस्यों को संस्थापन में गतिशील राजभाषा कार्यान्वयन की सराहना करते हुए संदेश दिया कि केन्द्र सरकार के कार्मिक होने के नाते हिंदी के प्रचार-प्रसार का दायित्व हम सब पर अधिक है।
इसलिए इसे प्रेरणा, प्रोत्साहन के साथ-साथ वैज्ञानिक क्षेत्र एवं लेखन में दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ाना होगा। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राजस्थान पत्रिका के स्थानीय संपादक राजेन्द्र शेखर व्यास ने अपने उद्बोधन में हिंदी की महत्ता को उजागर किया और विभिन्न उदाहरणों द्वारा सिद्ध किया कि हिंदी कितनी सार्वभौमिक और अन्य भाषाओं के साथ मिलनसार भाषा है।
उन्होंने दक्षिण भारतीय राज्यों में हिंदी के प्रचार-प्रसार में राजस्थान पत्रिका के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर महेश्वर रेड्डी, सह निदेशक एपी रेगुकुमार, राजेन्द्र शेखर व्यास आदि ने संस्थापन की राजभाषा गृह-पत्रिका 'अभिव्यक्तिÓ के छठे संस्करण का विमोचन किया।
इसके पूर्व मंचासीन गणमान्य जनों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। गृह मंत्री राजनाथ सिंह तथा डीआरडीओ के नवनियुक्त अध्यक्ष सतीश रेड्डी के संदेश का पठन नितांत शौर्य ने किया।
वर्ष भर में राजभाषा कार्यान्वयन में योगदान देने तथा हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं और निर्णायकों को प्रमाण-पत्र के साथ नकद पुरस्कार वितरण किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राकेश कुमार व उनकी टीम ने विभिन्न हिंदी गीतों से पूरे सभागृह का मन मोह लिया।
हास्य कवि सम्मेलन का मंच संचालन डॉ. जी आर चौधरी ने किया तथा गु्रप कैप्टन अवधेश कुमार झा, गु्रप कैप्टन विनय कुमार, अमरेश कुमार सिंह, मुथुमणिक्कम, शिबली दास मंडल ने इसमें भाग लिया। गुलशन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा संचालन सौरभ शुक्ला ने किया।
Updated on:
04 Oct 2018 03:28 pm
Published on:
04 Oct 2018 03:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
