
बेंगलूरु. राजराजेश्वरी नगर विधानसभा क्षेत्र के जालहल्ली के एक अपार्टमेंट से करीब 10 हजार मतदाता पहचान पत्र बरामद होने के मामले की जांच में बुधवार को भी चुनाव आयोग और पुलिस की टीम जुटी रही इस क्षेत्र का चुनाव रद्द करने और फ्लैट की मालकिन के मंजुला नंजामरी को लेकर राजनीतिक दलों के बीच वाक्युद्ध जारी है। मंजुला कुछ साल पहले भाजपा की वार्ड पार्षद रह चुकी है लेकिन बुधवार को दोनों ही पार्टियां मंजुला को अपना सदस्य मानने से इनकार करती रहीं।
कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने चुनाव आयोग से मुलाकात के बाद दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हमने आयोग को भाजपा की ओर से इस्तेमाल किए गए जा रहे गलत तरीकों और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग को लेकर शिकायत की है। शर्मा ने कहा कि मंगलवार रात का पूरा नाटक भाजपा की ओर से प्रायोजित था। शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए धन और दूसरे संसाधनों का उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को चुनाव आयोग या पुलिस ने नहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने उस फ्लैट पर छापा मारा था जहां फर्जी मतदाता पहचान पत्र मिले थे। यह फ्लैट भी भाजपा के नेता का है और उसका किराएदार भी भाजपा नेता है।
इस बीच, फ्लैट की मालकिन मंजुलाने कहा कि राकेश उस फ्लैट का किराएदार नहीं था। फ्लैट रेखा और रंगराजू ने किराए पर लिया था। मंजुला ने कहा कि वह 1997 से 2002 तक वार्ड पार्षद थीं और भाजपा ने उन्हें जीतने में मदद की थी। मंंजुला ने कांग्रेस से जुड़े होने से इनकार किया। मंजुला ने कहा कि रेखा और रंगराजू ने 5 अपे्रल को फ्लैट किराए पर लिया था और वे वहां अपने दफ्तर का सामना रखना चाहते थे।
इस बीच, कांग्रेस ने जिस भाजपा समर्थक राकेश पर फ्लैट का किराएदार होने का आरोप लगाया था उसने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उस फ्लैट से न तो उसका कोई संबंध है और ना ही उसकी मालकिन मंजुला से पिछले 10 सालों से उसका कोई रिश्ता नहीं है। राकेश ने कहा कि कई दिनों तक निगरानी रखने के बाद हमने उस फ्लैट पर धावा बोला। उस फ्लैट में निरंतर वाहन आते-जाते थे। पुलिस मेरा बयान लेकर चुकी है। राकेश ने आरोप लगाया कि राजराजेश्वरी नगर से कांग्रेस के उम्मीदवार के समर्थक मुझे धमकियां दे रहे हैं। मंजुला के बेटे श्रीधर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राकेश का उस फ्लैट से कोई लेना-देन नहीं है। हां, वे मेरा रिश्तेदार है लेकिन मेरा कांग्रेस से कोई संबंध नहीं है।
भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बुधवार को कहा कि इस प्रकरण के लिए कांग्रेस पूरी तरह से जिम्मेदार है और वह उल्टा भाजपा को दोषी ठहराने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस की सोच यह है कि जब असली मतदाता पार्टी के लिए वोट नहीं दे रहैं तो फर्जी मतदाता बना लो। जावड़ेकर ने राजराजेश्वरी नगर का चुनाव रद्द करने, मामले की पूरी जांच कराने और फ्लैट की मालकिन मंजुला को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की। जावड़ेकर ने मंजुला को भाजपा का सदस्य मानने से इनकार करते हुए कहा कि उसका हमारी पार्टी से कोई संबंध नहीं है।
वह कांग्रेस उम्मीदवार मुनिरत्ना के लिए प्रचार कर रही है। केंद्रीय मंत्री डी वी सदानंद गौड़ा ने कहा कि यह मामला चेन्नई के आर. के. नगर जैसे ही है और चुनाव रद्द किया जाना चाहिए। पूर्व उपमुख्यमंत्री आर अशोक ने इस मामले में गिरफ्तार एक आरोपी का मुनि रत्ना के साथ फोटो दिखाते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी 9 वार्डों में ऐसी गड़बडिय़ा हुई हैं।भाजपा ने राकेश को भी संवाददाता सम्मेलन में पेश किया। जनता दल (ध) ने आयोग को पत्र लिखकर राज राजेश्वरी नगर विधानसभा क्षेत्र के चुनाव स्थगित करने की मांग की है। पार्टी के प्रवक्ता रमेशबाबू ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है। चुनाव आयोग को कड़ी कार्रवाई करते हुए स्थानीय विधायक मुनिरत्ना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उच्च स्तरीय जांच के आदेश देने हिए।उन्होंने कहा कि इसी कारण चुनाव आयोग ने इससे पहले भी कई क्षेत्रों के चुनाव स्थगित किए थे। इसी मानदंड के आधार पर राज राजेश्वरी नगर विधानसभा क्षेत्र के चुनाव भी स्थगित किए जाने चाहिए।
मोदी-शाह ने कांग्रेस पर साधा निशाना
चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में जुटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मसले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए कई फर्जी पहचान पत्र बनाना कांग्रेस का हथकंडा है। लोग ऐसी पार्टियों को नहीं भूलेंगे। मोदी ने कहा कि कांग्रेस हर तरह के गलत काम में लिप्त है। उधर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस फर्जी मतदाता पहचान पत्र और धन के बल पर चुनाव जीतना चाहती है।
चुनाव टालना बेहतर : कुमारस्वामी
बागलकोट. राज राजेश्वरी नगर विधानसभा क्षेत्र में सैकड़ों फर्जी मतदाता पहचान पत्र जब्त होना गंभीर मामला है। इसलिए क्षेत्र के चुनाव टालना ही बेहतर होगा। जनता दल (ध) के प्रदेश अध्यक्ष एचडी कुमारस्वामी ने यह बात कही। जिले के गुल्लेदगुड्ड में बुधवार को उन्होंने कहा कि हार की आशंका से बौखलाई कांग्रेस अब अनीति के सहारे चुनाव जीतने के प्रयास कर रही है। ऐसे हथकंडे केवल राज राजेश्वरी नगर विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि चामुंडेश्वरी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में भी 10 हजार से अधिक जनता दल (ध) समर्थक मतदाताओं के नाम गायब किए गए हैं। गठबंधन सरकार की संभावना के बारे में उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम ही इस सवाल का जवाब दे सकते हैं लिहाजा हमें मतगणना का इंतजार करना होगा। मतगणना के पश्चात ही इन दावों की पोल खुलने वाली है।
अनंत, जावड़ेकर पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग
बेंगलूरु. शहर के एक फ्लैट से फर्जी मतदाता पहचान पत्र मिलने के बाद भाजपा जहां राजराजेश्वरी नगर विधानसभा सीट का चुनाव रद्द करने पर जोर दे रही है वहीं कांग्रेस ने दो केंद्रीय मंत्रियों अनंत कुमार और प्रकाश जावड़ेकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी भूमिका जांचने मांग की है।
यहां बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि फ्लैट की मालिक मंजुला वर्ष 1997 से 2002 तक भाजपा की वार्ड पार्षद रही है। वह अभी भी भाजपा की प्रमुख और सक्रिय नेता हैं। कांग्रेस के अन्य नेताओं राजीव गौड़ा और प्रियंका चतुर्वेदी के साथ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराने के बाद सुरजेवाला ने कहा कि आयोग को राजराजेश्वरी नगर सीट के भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करना चाहिए।
भाजपा झूठ की फैक्ट्री है और उसका झूठ पकड़ा गया है। आधी रात को जो नाटक किया गया वह बुरी तरह विफल रहा। सबसे निराशाजनक बात यह रही कि दो शीर्ष केंद्रीय मंत्रियों ने जनता को गुमराह और दूसरों को बदनाम करने के लिए स्पष्ट झूठ बोला। उन्होंने यह भी दावा किया कि अपार्टमेंट पर ना तो आयोग और ना ही पुलिस ने छापा मारा। वहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुद छापेमारी की। फ्लैट की मालिक खुद कह रही है कि वह भाजपा कार्यकर्ता है। लेकिन, जावड़ेकर ने यह मानने से इनकार किया वह भाजपा की कार्यकर्ता हैं। पिछले 24 घंटे में यह साफ हो गया है कि यह पूरे ड्रामे की रचना भाजपा ने की।
Published on:
10 May 2018 07:28 pm
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
