
उडुपी के शिरूर मठ को पुलिस ने तीन दिन के लिए कब्जे में लिया
बेंगलूरु. उडुपी के अष्ठमठ में से एक शिरूर मठ के प्रमुख लक्ष्मीवर तीर्थ की रहस्यमय हालात में गुरुवार को मणिपाल अस्पताल में हुई मौत के प्रकरण की जांच के लिए पुलिस ने शुक्रवार को मठ तीन दिन के लिए अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस का कहना है कि मठ में प्रवेश करने के इच्छुक भक्तों को मठ से दूर रखा गया है और पूरे मठ की तलाशी लेने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने सबसे पहले स्वामी के रहने के कक्ष व मठ की रसोई की गहराई से तलाशी ली है।
स्वामी के भाई लावत्या आचार्य के केस दायर कराने व अपने भाई को जहर देकर मारने की शिकायत करने के मद्देनजर पश्चिम रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अरुण चक्रवर्ती तथा उडुपी के जिला पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबारगी ने शुक्रवार को मठ का दौरा किया।
विधि विज्ञान विशेषज्ञ तथा अन्य पुलिस अधिकारी मठ परिसर में जांच कार्य में जुटे हैं। स्वामी के भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन दिनों के लिए मठ को अपने कब्जे में लेकर गहन जांच शुरू कर दी है।
मणिपाल के कस्तूूरबा मेडिकल अस्पताल के अधिकारियों ने कहा कि स्वामी गंभीर उच्च रक्तचाप व व्यापक गेस्ट्रो इन्टेस्टनल रक्तस्त्राव से पीडि़त थे और इस घटना के पहले से वे पेचिश के शिकार रहे थे। ऐसा संदेह व्यक्ति किया जा रहा है कि स्वामी को जहर दिया गया था और जहरीलेपन के नमूने भी एकत्रित किए गए हैं।
गृहमंत्री ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश
बेंगलूरु. राज्य के गृहमंत्री जी. परमेश्वर ने कहा कि शिरूर मठ के प्रमुख लक्ष्मीवर तीर्थ स्वामी के निधन के बाद उत्पन्न संदेह का निवारण करने के लिए इस प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। परमेश्वर ने शुक्रवार को कहा कि स्वामी के पूर्वाश्रम के भाई लातव्या आचार्य के मौत पर संदेह व्यक्त करते हुए शिकायत दायर करवाने के मद्देनजर इस प्रकरण की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने पहले ही मठ में पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की तहकीकात के मद्देनजर अगले तीन दिन तक मठ में आम जन के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के लिए कुछ विशेषज्ञों को भी भेजा गया है और जरूरत पड़ी तो सरकार केंद्रीय विशेषज्ञों का इस्तेमाल करने से भी नहीं हिचकिचाएगी।
अनावश्यक अफवाहें
परमेश्वर ने कहा कि अजमेर का दौरा करने वाले रमेश जारकीहोल्ली तथा भाजपा नेताओं के बारे में अनावश्यक अफवाहें फैलाई जा रही हैं। विधानसौधा के भीतर सचिव एस.मूर्ति ने यदि निजी तौर पर जन्म दिन मनाया है तो यह गलत है। इस बारे में विधानसभा अध्यक्ष समुचित कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कुमारस्वामी जिला प्रभारी मंत्रियों की नियुक्तियां करेंगे।
Published on:
21 Jul 2018 06:17 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
