
डॉ. प्रतीक जोशी परिवार की आखिरी सेल्फी- फाइल फोटो- पत्रिका नेटवर्क
अहमदाबाद विमान हादसे में जान गंवाने वाले राजस्थान के बांसवाड़ा के मोहन कॉलोनी निवासी डॉ. प्रतीक जोशी, डॉ. कौमी व्यास और उनके तीन मासूम बच्चों के शवों की प्रारंभिक शिनाख्त कर ली गई है। हालांकि अस्पताल प्रशासन का कहना है कि शवों को परिजनों को सौंपने से पहले डीएनए रिपोर्ट की पुष्टि आवश्यक है। ऐसे में अंतिम पुष्टि होने में अभी एक दिन का समय और लग सकता है।
हादसे के दिन ही दोनों परिवारों के डीएनए सैंपल ले लिए गए थे, जिससे शवों की पहचान सुनिश्चित की जा सके। हादसे में डॉक्टर दंपती के साथ उनकी बेटी मिराया (10), बेटे प्रद्युत (5) और नकुल (5) की भी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। परिजनों ने अहमदाबाद में ही सभी पांचों शवों का दाह संस्कार करने का निर्णय लिया है।
यह वीडियो भी देखें
परिजनों में शामिल डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने बताया कि जोशी और व्यास परिवार की यह इच्छा है कि अंतिम संस्कार अहमदाबाद में ही किया जाए, इसके बाद परिवारजन बांसवाड़ा लौटेंगे। इधर, हादसे के बाद से दोनों परिवारों के घरों में गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है। समय-समय पर रिश्तेदार, परिचित और शुभचिंतक सांत्वना देने पहुंचते रहे, लेकिन घरों का माहौल बेहद गमगीन बना हुआ है। शहर में इस हादसे को लेकर शोक की लहर है और लोग इस असामयिक और हृदयविदारक त्रासदी से स्तब्ध हैं।
Updated on:
14 Jun 2025, 9:44 PM IST
Published on:
14 Jun 2025, 8:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.