
बांसवाड़ा/कुशलगढ़। आमजन को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री चार दिन तक जिले के दौरे पर रहेंगी, लेकिन यह दौरा रविवार को कुशलगढ़ कस्बे के बांशिदों के लिए परेशानी का सबब बन गया। कुशलगढ़ प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री को गर्मी से परेशानी नहीं हो, इसके लिए अधिकारियों ने दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक नया ट्रांसफर्मर लगाने के लिए बिजली बंद रखी। बताया गया कि मुख्यमंत्री के लिए नया एसी लगाने पर लोड बढ़ जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पहले ही गर्मी अपने रिकॉर्ड स्तर पर चल रही है ऐसे में लोगों को बिजली बंद कर एक और परेशानी में डाल दिया गया।
स्थानीय टॉउन हॉल में मुख्यमंत्री का सोमवार को रात्रि विश्राम निर्धारित किया है। इसके चलते यहां शनिवार को नया एसी लगाया गया। रविवार को शुरू करते ही वह लोड नहीं ले सका। इसके चलते आनन-फानन में नया ट्रांसफर्मर लगाने का निर्णय किया एवं बिजली बंद करनी पड़ी। दोपहर बारह बजे बिजली बंद करने के बाद पूरे दिन ट्रांसफर्मर एवं नई विद्युत लाइन बिछाने की मशक्कत की गई। इस दौरान कई बार लोगों ने विद्युत निगम के अधिकारियों को बिजली बंद होने की परेशानी से अवगत कराया, लेकिन किसी की नहीं सुनी गई। अधिकारियों ने यह तर्क दिया कि टॉउन हॉल में विद्युत भार बढ़ गया है। इसके कारण नया ट्रांसफर्मर लगाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री आज से बांसवाड़ा में
विधानसभा चुनाव से पहले आम जनता और भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का चार दिवसीय दौरा सोमवार से आरंभ होगा। इसकी शुरुआत जोगणिया माता मंदिर में दर्शन-पूजन से होगी।
धूल ना उड़े, इसलिए हेलीपैड पर गोबर का लेप
बांसवाड़ा में राजनीतिक हलचल तेज होने के साथ ही नेताओंं की दौड़ भी शुरू हो गई है। सोमवार से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे चार दिवसीय दौरे पर यहां आएंगी, जबकि ३० मई को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बांसवाड़ा आ रहे हैं। इसको देखते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से डूंगरपुर मार्ग स्थित कॉलेज मैदान में हेलिकॉप्टर उतारने के लिए हेलीपैड का निर्माण किया जा रहा है। हेलिकॉप्टर उतरने के दौरान धूल-मिट्टी नहीं उड़े, इसके लिए मैदान को गोबर से लीपा जा रहा है।
Published on:
28 May 2018 08:58 am
बड़ी खबरें
View Allबांसवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
