
Video : राजस्थान का रण : टिकट मिलने पर हरेंद्र निनामा के समर्थकों में उत्साह, मां त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन कर लिया आर्शीवाद
बांसवाड़ा. घाटोल विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने पंचायत समिति के वर्तमान प्रधान हरेंद्र निनामा पर भरोसा जताया है। निनामा को पार्टी टिकट दिए जाने की घोषणा होने के साथ ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर छा गई। समर्थक उनके निवास पर पहुंचे और शुभकामनाएं दीं। इससे पहले उनकी पत्नी ने निनामा का मुंह मीठा कराया। भाजपा से इस बार इस सीट पर वयोवृद्ध और चार बार विधायक निर्वाचित हो चुके नवनीतलाल निनामा भी दावेदार थे, लेकिन इस बार पार्टी की रीति-नीति के अनुसार उनकी उम्र टिकट की राह में आड़े आ गई। पार्टी की ओर से 75 वर्ष से अधिक के दावेदारों को टिकट नहीं देने की नीति का खमियाजा निनामा को भुगतना पड़ गया। हालांकि युवा और नए चेहरे के कारण कार्यकर्ताओं में जोश नजर आया।
शैक्षिक सुविधा मुहैया कराना प्राथमिकता
टिकट मिलने के बाद निनामा ने कहा कि पार्टी ने मुझे टिकट दिया है। जनता का समर्थन मिला तो स्वयं शिक्षित होने के कारण घाटोल और पीपलखूंट में शैक्षिक सुविधा मुहैया कराना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। घाटोल क्षेत्र में माही की नहरों का विस्तार और पीपलखंूट में सिंचाई सुविधा के लिए प्रयास करूंगा। जन समस्याओं के समाधान में कमी नहीं रखी जाएगी।
मां त्रिपुरा का लिया आर्शीवाद
टिकट मिलते ही निनामा के परिजनों और समर्थकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सभी ने मुंह मीठा कर बधाईयां दी। इसके बाद निनामा सुबह सबसे पहले शक्तिपीठ मां त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन करने पहुंचे। जहां पूजा अर्चना कर आर्शीवाद लिया। इस दौरान उनके समर्थकों की भीड़ वहां भी मौजूद रही और खुशी व्यक्त करते हुए आतिशबाजी की।
प्रत्याशी का ‘आधार’
आमदनी: खेतीबाड़ी से
सोशल मीडिया: फेसबुक पर 3979 मित्र, ट्विटर पर अकाउंट नहीं
पहचान: भाजपा कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय। समस्या समाधान को लेकर भी मुखर।
अनुभव: एक बार सरपंच, वर्तमान में घाटोल पंस के प्रधान। भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर दायित्व संभाला। पूर्व में पत्नी भी प्रधान।
अक्सर कहां मिलते हैं: घाटोल उपखंड मुख्यालय पर।

Published on:
12 Nov 2018 01:48 pm
बड़ी खबरें
View Allबांसवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
