सुधीर भटनागर/भुवनेश पंड्या. बांसवाड़ा. उदयपुर. सियासी चौसर पर एक बार फिर आधी दुनिया को अधूरे हक पर ही संतोष करना होगा। वह भी उस उदयपुर संभाग में जहां से प्रदेश को पहली महिला विधायक देने का गौरव हासिल है। राजनीति की चौसर पर पुरुषों को बराबरी की टक्कर देने का माद्दा रखने वाली आधी दुनिया को इस बार मेवाड़-वागड़ में पूरा मौका नहीं मिला है। प्रदेश को जिस संभाग ने पहली महिला विधायक दी, उस पन्ना, हाड़ी, मीरा और काली बाई की धरा पर राजनीतिक पार्टियों ने महिलाओं पर भरोसा कम जताया। दोनों बड़ी पार्टियों ने 28 में से केवल चार सीटों पर आधी आबादी के जरिए दावं खेला है। इसमें दो पूर्व मंत्री शामिल हैं। हालांकि बसपा व आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को मौका दिया है। संभाग के चित्तौडगढ़़ महिलाओं के प्रतिनिधित्व में पूरा खाली है। ऐसे में नारी शक्ति के हक की बातें करने वाली बड़ी राजनीतिक पार्टियों के दावे सिर्फ हल्ला साबित हुए।