
बांसवाड़ा.
परतापुर. गढ़ी कस्बे में सोमवार रात चाकूबाजी की वारदात के बाद तनाव पैदा हो गया और आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों को गिरफ्तार करने और उसके परिवार को गांव से बेदखल करने की मांग को लेकर पथराव कर दिया। साथ ही कस्बे के होली चौक के पास एक गली में खड़ी मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया और जीप में तोडफ़ोड़ कर दी। इससे माहौल गरमा गया। इस पर पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा। करीब तीन घंटे के बवाल के बाद समझाइश पर मामला शांत हुआ। ऐहतियात के तौर पर कस्बे में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने तीन जनों को गिरफ्तार कर लिया है।
युवक पर हमला बोल दिया
पुलिस अधीक्षक कालूराम रावत ने बताया कि गढ़ी कस्बे के बोरी मार्ग निवासी 24 वर्षीय युवक रात करीब 8.30 बजे अपने घर के पास ही खड़ा था। तभी तेज गति से गढ़ी गांव का ही समुदाय विशेष का युवक निकला। इस पर वहां खड़े युवक ने तेज बाइक चलाने से टोका। इस पर बाइक सवार तैश में आ गया और बाद में अपने साथियों को लेकर आया व युवक पर हमला बोल दिया। इसमें वह खून से लथपथ हो गया और वहीं गिर पड़ा।
युवक के चिल्लाने की आवाज पर उसके परिजन एवं गांव के लोग दौडक़र आए और उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक को बांसवाड़ा महात्मा गांधी चिकित्सालय के लिए रैफर किया। वहां कुछ देर उपचार करने के बाद चिकित्सकों ने उसे उदयपुर के लिए रैफर किया।
चाकूबाजी की सूचना पर जुटी भीड़
इधर, गढ़ी में घायल को रैफर करने के बाद चाकूबाजी की खबर इलाके में आग की तरह फैली। कुछ ही देर में वारदात स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए पथराव शुरू कर दिया। कुछ देर पथराव होने के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा। एक बार भीड़ वहां से तितर बितर हो गई, लेकिन बाद में फिर एकत्रित होकर लोग होली चौक आ गए, जहां भीड़ ने एक गली में खड़ी मोटरसाइकिल को फूंक दिया। साथ ही पास में खड़ी पुलिस जीप के कांच फोड़ दिए। इससे माहौल गरमा गया।
छह जने नामजद, तीन गिरफ्तार
वारदात को लेकर एसपी ने बताया कि एफआईआर छह जनों के खिलाफ दर्ज हुई है। मुख्य आरोपी सहित तीन जनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक जने को पारसोला से और दो अन्य को गढ़ी से गिरफ्तार किया गया है। मौके पर शांति बनी हुई है। कई थानों का जाप्ता तैनात वारदात के बाद गढ़ी के साथ कलिंजरा, खमेरा अरथूना, लोहारिया सहित और भी कई थानों जाप्ता तैनात किया गया। साथ ही रिजर्व बल एवं एमबीसी के साथ कई अधिकारियों को भी कई जगह ऐहतियात के तौर पर लगाया गया। इससे रात तक माहौल शांत हो गया। हालांकि बड़ी लोग वहीं चौराहे पर जमे रहे जो बाद मेंं निकल गए।
Published on:
31 Jul 2018 02:09 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
