पैगंबर पर विवादित बयान देने के लिए नूपुर शर्मा को सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने कहा कि देशभर में अशांति फैल गई है। देश में जो कुछ भी हो रहा है, उसकी जिम्मेदार नूपुर ही हैं। उन्होंने अपने बयान से देश की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा किया है। कोर्ट ने उन्हें टीवी पर आकर देश से माफी मांगने को कहा। वहीं सुप्रीम कोर्ट के बयान पर बाराबंकी के भाजपा नेता रंजीत बहादुर श्रीवास्तव ने काफी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट हम लोगों को अपमानित कर रहा है। हमें अपमानित किया जा रहा है, हमारे देवी-देवताओं को गाली दी जा रही है, सिर हमारे कलम हो रहे हैं, धमकियां हमको दी जा रही हैं। लेकिन फिर भी माफी हमसे मांगने के लिए कहा जा रहा है। भाजपा नेता रंजीत बहादुर श्रीवास्तव ने अपनी सरकार के खिलाफ बिगुल फूंकते हुए कहा कि सरकार हमारी है फिर भी उन लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। बल्कि हम से ही माफी मंगवाई जा रही है।