बाराबंकी. उत्तर प्रदेश सरकार किसानों के हित में नई-नई योजनाओं का क्रियान्वयन कर उनके चेहरे पर मुस्कुराहट लाने के लिए कटिबद्ध है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश के हर अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर खुशी हो। किसान खुशहाल हो, इसीलिए चाहे वह उज्ज्वला योजना, किसान अंत्योदय योजना या फिर किसान ऋण मोचन योजना सभी में किसानों के हित की बात करते हैं और सबसे बड़ी बात है कि किसी भी योजना में जाति और वर्ग का कोई भी भेदभाव नहीं किया गया है। यह सब विचार जिले के प्रभारी मंत्री और सूबे के वन एवं पर्यावरण मंत्री दारा सिंह चौहान ने जनपद बाराबंकी के जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित तीन दिवसीय किसान अंत्योदय मेला व प्रदर्शनी कार्यक्रम में कहीं।