इस बीच बारां व सीसवाली से भी भारी मात्रा में पुलिस बल पहुंच गया। लगातार एक घंटे से ज्यादा समय तक कभी मंत्री के खिलाफ नारेबाजी तो कभी चक्काजाम चलता रहा। पुलिस ने किया बलप्रयोग इस बीच बारां रोड पर एकत्र हुए बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता वाहनों पर सवार हो हाथों में लाठियां लेकर आजाद तिराहे पहुंच गए। यहां भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भिड़ंत देखकर पुलिस ने बीच बचाव किया, लेकिन भाजपा व कांग्रेस के कार्यकर्ता दोनों ही पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोगकर सबको खदेड़ दिया। इस दौरान वहां प्रदर्शन कर रहें अंता प्रधान प्रखर कौशल, विष्णु गौतम, आनंद गर्ग की पुलिस से बहस हुई। विष्णु गौतम पुलिस की लाठियों का शिकार हुए पुलिस ने लाठीचार्ज कर सबको खदेड़ रास्ता साफ किया। तब मंत्री भाया व कांग्रेस कार्यकर्ता महाविद्यालय में पहुंचे व भवन का उद्घाटन किया। इससे पहले मूसलाधार बरसात होने से वहां लगा समारोह स्थल गीला हो गया और अव्यवस्था फैल गई। आनन-फानन में उद्घाटन करने के बाद वहां स्थित हॉल में मंत्री प्रमोद जैन भाया ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरस्वती के मंदिर के कार्यक्रम में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने ओछी हरकत की है। भाजपा को कांग्रेस सरकार के विकास कार्य रास नहीं आ रहे। मांगरोल में स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांग्रेस सरकार की देन है। भविष्य में यहां बीएड कॉलेज भी खुले, ऐसे प्रयास किए जाएंगे। मंत्री ने सीमल्या निवासी कैप्टन नरेश मीणा के नाम पर कॉलेज का नाम रखने के प्रयासों से अवगत कराया।