गऊघाट. मोठपुर थाना क्षेत्र स्थित अचरावा में गुरुवार सुबह परवन नदी में नहाने गए बालक को मगरमच्छ ने हमला कर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने बालक को मगर से छुड़ाया, तब तक उसकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार अचरावा निवासी केशव कुमार पुत्र रघुनन्दन नागर (12) सुबह दस बजे परवन नदी पर नहाने गया था। नहाते समय मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। चिलाने पर ग्रामीणों ने उसे मगर से छुड़वाया। परिजन जब मौके पर पहुंचे, तब तक घायल बालक ने दम तोड़ दिया था। पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण मगरमच्छ को पकड़ कर रेस्क्यू कराने और नदी पर स्थायी सुरक्षा जाली लगाने की मांग करने लगे। सूचना पर अटरू, कवाई, मोठपुर थाना प्रभारी व नायब तहसीलदार एवं कानूनगो योगेंद्र यादव घटनास्थल पहुंचे। चिकित्सा टीम एवं वन विभाग की रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई है।