पत्रिका न्यूज नेटवर्क/बारां.Mandi News: कृषि उपज मंडी में इन दिनो धान की अच्छी आवक होने से मंडी में कारोबार गति पकड़े हुए है। मक्का व सोयाबीन की भी अच्छी आवक हो रही है। जिले में दशहरे के दौरान बरसात होने के बाद जहां किसानों व व्यापारियो में मायूसी छा गई थी, लेकिन दीपावली के कुछ दिन पूर्व से दीपावली अवकाश के बाद मंडी में धान, सोयाबीन व मक्का की अच्छी आवक होने से व्यापारीयो में उत्साह बना हुआ है। करीब एक पखवाड़े में साढ़े सात लाख बोरी धान की आवक से मंडी के कारोबार में तेजी आई है। मंडी में दशहरे के बाद से धान की आवक आना शुरु हुई, जो शुरू में तो कम आई, लेकिन दीपावली के बाद में धान समेत अन्य जिंसों की बम्पर आवक हो रही है।