read also : राजस्थान बजट : हादसों से जागी सरकार, नदियों पर बनेंगे हाई लेवल ब्रिज
बजट में जिले को यह मिली सौगात
बारां जिले में अब सिंचाई के लिए किसानों को दिन में थ्रीफेज विद्युत आपूर्ति देनी की घोषणा की है।
बारां उपखंड के कोयला कस्बे में उपतहसील कार्यालय खुलेगा। यह बारां उपखंड का सबसे बड़ा कस्बा है। इससे कई गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। कोयला अन्ता विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। जिले के अटरू, किशनगंज व मांगरोल में रीको औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाने की घोषणा भी बजट में की गई है। बारां नगर परिषद क्षेत्र में 20 किमी सड़कों का निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग करवाएगा। चारों विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों की अनुशंसा पर एक-एक समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को आदर्श स्वास्थ्य केन्द्र बनाने से उपचार व्यवस्था और भी सुदृढ़ हो सकेगी।
ये घोषणाएं भी हुई : मांगरोल, किशनगंज और अटरू में नए औद्योगिक क्षेत्र : बारां जिले के मांगरोल, किशनगंज, अटरू में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का प्रावधान किया गया है। बारां में इंदिरा महिला शक्ति केन्द्र : बारां, जिला मुख्यालय पर इंदिरा महिला शक्ति केन्द्र की स्थापना होगी। इस कार्य के लिए पूरे राज्य के लिए 15 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इन केन्द्रों के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधित चिंताओं को दूर किया जाएगा। अंता में ट्रीटमेंट प्लांट बनेगा। बारां में ऑटोमेटिक वाहन फिटनेस जांच केन्द्र स्थापित होगा।
इन सड़कों का होगा कायाकल्प : किशनगंज से रामगढ़ होते हुए मांगरोल तक टू लेन सड़क का नवीकरण होगा। इस मार्ग पर रामगढ़ व मांगरोल के बीच पार्वती नदी पर बड़ा पुल भी बनेगा। अटरू के मेरमाचाह से कुंजेड़ होते हुए चौकी बोरदा तक सड़क का सुदृढ़ीकरण होगा। यह सड़क अटरू को झालावाड़ रोड से जोड़ेगी। मांगरोल के मालबमोरी से बारां तक सड़क का सुदृढ़ीकरण होगा। इससे कोटा जिले की सीमा से बारां जिला मुख्यालय का सफर सुगम होगा। अन्ता से सीसवाली तक सड़क का सुदृढ़ीकरण टू-लेन सड़क के रूप में होगा। इस मार्ग पर सीसवाली की खाड़ी पर हाई-लेवल ब्रिज बनेगा। जिससे दर्जनों गांवों के लोगों को खासी राहत मिलेगी। जिले में पांच मिसिंग सड़कों का निमार्ण भी बजट में प्रस्तावित किया गया है।