
weather update rajasthan राजस्थान में सोमवार को जयपुर, कोटा, भीलवाड़ा, अजमेर और सीकर समेत 26 जिलों में मानसून मेहरबान रहा। झमाझम बारिश होने से प्रदेश में कई जगह नदी और नाले उफान पर आ गए और बांध भर गए। भारी बारिश से पाली का दूसरा बड़ा हेमावास बांध, सिरोही का सबसे बड़ा वेस्ट बनास और अणगौर बांध ओवरफ्लो चल रहे हैं। झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी इलाके के बागोरा की डूंगर की ढाणी में बना एनीकट टूटने से आस-पास के खेतों में पानी भर गया।
मौसम विभाग की ओर से कुछ जिलों के लिए यलो व ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भरतपुर, चित्तौड़गढ़ और बारां जिले में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का मौसम विभाग ने अनुमान जताया है। साथ ही एक या दो दौर तेज वर्षा के होने की संभावना है। वहीं अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, राजसमंद, उदयपुर, सवाईमाधोपुर, पाली, कोटा और धौलपुर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
भीलवाड़ा में सोमवार शाम करीब डेढ़ घंटे तक झमाझम बरसात हुई। इससे सड़कें तलैया बन गई तो नाले उफन गए। सुबह आठ से शाम छह बजे तक भीलवाड़ा में 62 मिमी बरसात रिकॉर्ड की गई। इधर, प्रदेश में अच्छी बरसात का असर जलाशयों पर भी नजर आया है। भीलवाड़ा के मेजा बांध को भरने के लिए चित्तौड़गढ़ जिले के मातृकुंडिया बांध से मेजा फीडर को खोला जाएगा। इससे मेजा फीडर का पानी मेजा बांध में पहुंचेगा। राजसमंद जिले के नंदसमंद बांध के छह गेट खोल देने से उसका पानी मातृकुंडिया में आया है। 22.57 फीट क्षमता के मातृकुंडिया बांध का गेज करीब 18 फीट चल रहा है।
बारां शहर समेत जिलेभर में सोमवार को कही रिमझिम तो कही हल्की तेज बरसात हुई। बारां जिले के सीसवाली की खाडी नदी पर रविवार रात क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश से पुरानी पुलिया पर डेढ़ से दो फीट तक पानी का बहाव हो गया। इस दौरान एक ट्रोला चालक ने ट्रोले को पुलिया से होकर निकालने का प्रयास किया। जैसे-तैसे यह ट्रोला खाडी के पार पहुंचा। इस दौरान यह दृश्य देखने वालों की सांसें थमी रही।
कोटा में शाम 4 बजे तेज बारिश का दौर शुरू हुआ, जो डेढ़ घंटे तक चला। शाम 7 बजे फिर रिमझिम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 3.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। कोटा में इस सीजन में अब तक 244.1 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है।
बूंदी जिले में भी बादल मेहरबान रहे। लाखेरी में डेढ़ घंटे झमाझम बरसात होने से सड़कों पर पानी बह निकला। साथ ही, उमस व गर्मी से राहत मिली। बूंदी शहर में रुक-रुककर रिमझिम बारिश हुई। झालावाड़ शहर में दिनभर की उमस के बाद शाम साढ़े पांच बजे जोरदार बारिश शुरू हुई। सावन के पहले सोमवार का स्वागत अच्छी बारिश से हुआ। रविवार रात को भी जिलेभर में अच्छी बारिश हुई।
सोमवार को पाली के सुमेरपुर में सबसे अधिक 78 एमएम बरसात हुई। माउंट आबू में सुबह आठ बजे तक 9.25 इंच बरसात दर्ज की गई। जालोर में भी सुबह तेज बरसात के बाद दोपहर तक रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। इससे जालोर की जवाई नदी में पानी की आवक हुई। मौसम विभाग की ओर से मारवाड़ क्षेत्र में यलो व ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
Published on:
10 Jul 2023 08:59 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
