
जमीनी विवाद में किसान की पीट पीट कर हत्या
बरेली। जमीनी विवाद में दबंगों ने बुजुर्ग किसान की बुरी तरह से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल किसान को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहाँ इलाज के दौरान बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। बेटे ने गाँव के ही चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इलाज के दौरान हुई मौत
भमोरा थाना क्षेत्र के कुड्डा गाँव के रहने वाले किसान मेहरबान सिंह का गाँव के ही राजवीर से जमीन का विवाद चल रहा है। गुरूवार रात मेहरबान सिंह अपने घर के पास की दुकान से चीनी लेने गए थे। राजवीर वहां पहले से ही मौजूद था। मेहरबान सिंह का किसी बात को लेकर दुकान पर ही राजवीर से झगड़ा हो गया। इसी बीच राजवीर के बेटे अवधेश और कल्लू एवं उनका एक साथी ओमपाल भी वहां पहुंच गए और चारों ने मेहरबान सिंह को पीटना शुरू कर दिया। झगड़े की सूचना पर मेहरबान सिंह का बेटा अनुज अपने पिता को बचाने पहुंचा तो दबंगों ने उसकी भी पिटाई कर दी और मेहरबान सिंह को मरा समझ कर हमलावार भाग गए।
मुकदमा हुआ दर्ज
झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बाप बेटे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और अनुज की तरफ से चार लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की। शुक्रवार को इलाज के दौरान मेहरबान सिंह की मौत हो गई जिसके बाद एनसीआर को मुकदमे में तरमीम कर दिया गया है।
Updated on:
03 Nov 2018 03:35 pm
Published on:
03 Nov 2018 03:35 pm
