
बरेली। उत्तर प्रदेश के नगर निकाय चुनाव में मिली जीत को भारतीय जनता पार्टी गुजरात के चुनावों में भुनाने जा रही है। गुजरात चुनाव में नवनिर्वाचित मेयर डॉ उमेश गौतम भाजपा के स्टार प्रचारक होंगे। उमेश गौतम समेत भाजपा के जीते सभी 14 मेयर और अमेठी में जीत दर्ज करने वाले नेता भी गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे। मंगलवार को प्रदेश के सभी बीजेपी मेयर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने उनके निवास पर पहुंचे जहां पर प्रधानमंत्री ने सभी मेयर को जीत की बधाई देने के साथ ही भविष्य के शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद सभी मेयर गुजरात जाएंगे और वहां पर भारतीय जनता पार्टी का प्रचार प्रसार करेंगे।
जनता से किए वायदे करो पूरे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बैठक के बाद बरेली के मेयर डॉक्टर उमेश गौतम ने पत्रिका को बताया कि प्रधानमंत्री ने सभी मेयर को बधाई दी और कहा कि जनता से जो वायदे किए हैं उन्हें पूरा करिए।इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि शहर को साफ सुथरा रखने के लिए स्वच्छता मिशन चलाया जाए।
सभी मेयर जाएंगे गुजरात
रविवार को सभी मेयर मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ पहुंचे थे जिसके बाद सभी मेयर ने मुख्यमंत्री के साथ प्रधानमंत्री से मुलाकात करने दिल्ली पहुंचे। हाई कमान ने निर्णय लिया है कि प्रदेश के सभी नवनिर्वाचित भाजपा के मेयर और अमेठी से जीते नेता गुजरात जाएंगे जहां पर इस समय चुनावी माहौल गर्म है।ये सभी भाजपा नेता गुजरात की अलग अलग विधानसभा में जाकर केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार की नीतियों के बारे में जनता को बताएंगे।
खराब मौसम बनी रुकावट
बरेली के मेयर उमेश गौतम ने बताया कि आज ही सभी को प्रचार के लिए गुजरात जाना था लेकिन मौसम खराब होने के कारण फ्लाइट लेट है इसलिए वहां पर सभा रद्द हो गई है।मौसम सही होते ही सभी लोग गुजरात के लिए रवाना होंगे।
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर
गुजरात से लौटने के बाद मेयर का शपथ ग्रहण समारोह होगा। नव निर्वाचित मेयर डॉक्टर उमेश गौतम के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। इसके साथ ही नगर निगम और मेयर हाउस में रंगाई पुताई का कार्य शुरू हो गया है। नगर निगम के सदन में इस बार पार्षदों के बैठने के लिए चंडीगढ़ से कुर्सियां मंगाई जा रही हैं। 120 विशेष कुर्सियों का ऑर्डर दिया गया है। नगर निगम के साथ ही मेयर हाउस में भी रंग रोगन का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है।
Published on:
05 Dec 2017 06:02 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
