
पाकिस्तान ने महज कुछ घंटे के बाद ही सीजफायर तोड़ दिया है। राजस्थान की पश्चिमी सरहद पर सामरिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण बाड़मेर के उत्तरलाई वायुसेना स्टेशन क्षेत्र के पास में शनिवार रात को धमाके सुने गए। इसके साथ ही स्थानीय लोगों ने कलक्ट्रेट के ऊपर ड्रोन को मंडराते हुए देखा।
बाड़मेर प्रशासन की ओर से लगातार अलर्ट सायरन बजाया गया। सेड़वा क्षेत्र में ड्रोन मंडराने की सूचना मिली। इस बीच भारतीय रक्षा प्रणाली ने ड्रोन हमलों का लगातार जवाब दिया। सीमावर्ती गडरारोड़ इलाके से बड़ी संख्या ड्रोन दिखाई दिए। कुछ देर में ही चौहटन के बॉर्डर क्षेत्र में भी ड्रोन देखे गए। इसके साथ ही बीकानेर के बज्जू व बॉर्डर के गांवों में भी ड्रोन मंडराने की सूचना मिली। बरसलपुर और गोडू के स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को ड्रोन उड़ने की सूचना दी।
यह वीडियो भी देखें
अचानक बिगड़े हालात के चलते श्रीगंगानगर में कुछ घंटे के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया। वहीं फलोदी में भी संपूर्ण ब्लैकआउट कर दिया गया है। इससे पहले भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम 5 बजे सीजफायर पर सहमति बनी थी। हालांकि सीजफायर के बाद भी राजस्थान के कई जिले अलर्ट मोड पर थे।
हालांकि पहले जोधपुर और बाड़मेर जिले से ब्लैकआउट हटाने की घोषणा कर दी गई थी, लेकिन रात होते-होते दोनों जिलों में ब्लैकआउट का ऐलान कर दिया गया। बाड़मेर और जैसलमेर में रात करीब 8.30 बजे तत्काल प्रभाव से ब्लैकआउट कर दिया गया है। जोधपुर में भी रात 12 से सुबह 4 बजे ब्लैकआउट रहा। बता दें कि उत्तरलाई वायुसेना स्टेशन पर शुक्रवार की रात 9 बजकर 03 मिनट के करीब पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमला किया गया था। उत्तरलाई को पाकिस्तान ने तीसरी बार टारगेट किया है।
Updated on:
10 May 2025, 11:14 PM IST
Published on:
10 May 2025, 9:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.