
बाड़मेर. शहर के वार्ड17 में बना नाला टूटने से मोहल्लेवासियों की परेशानी बढ़ गई है। इसके साथ ही हाईवे निर्माण के दौरान पानी की पाइप लाइन भी गंदे नाले में बिछा दी। लाइन में जहां ज्वाइंट है वहां नाले का पानी लाइन में जाने से कई घरों में दूषित पानी पहुंच रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
हाईवे निर्माण के दौरान टेलीफोन, पानी व अन्य केबल इस नाले में डाल दी गईं। पानी की लाइन कुछ जगह से लीकेज होने के कारण उससे पानी टपकता है। इस दौरान नाले का गंदा पानी भी इस लाइन में जा रहा है। दूषित पानी लोगों के घरों में पहुंच रहा है।
प्रतिदिन ओवरफ्लो की समस्या
नाले में केबल व लाइनें होने से उसमें पॉलीथिन फंस जाती हैं। इससे हर रोज ओवरफ्लो होकर पानी सड़कों पर बहता है। ऐसे में लोगों का चलना मुश्किल हो जाता है। नाले से निकाला कचरा भी समस्या बढ़ा रहा है।
वाटर लॉगिंग की समस्या
नाले के समीप बने मकानों में नाले के ओवरफ्लो पानी से वाटर लॉगिंग की समस्या हो गई है। दीवारों में सीलन आने व अंडरग्राउंड में पानी भरने से परेशानी बढ़ गई है।
सड़कों की हालत खस्ता
आधे से अधिक वार्ड़ में सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण कई बार दुर्घटनाएं हुई हैं। कई गलियों में लोगों ने अपने स्तर पर सड़क के गड्ढ़ों को भरा है। नगर परिषद को शिकायत करने पर भी समस्या का हल नहीं हुआ।
पब्लिक व्यू
लोगों का चलना मुश्किल
घर के आगे नाला बना हुआ है। इस पर फेरो कवर नहीं है। लोगों का चलना मुश्किल है।
रितिका
लाइनें नाले में बिछा दी
नाले में पानी व अन्य केबल बिछाने से कचरा फंस जाता है। ऐसे में समस्या बढ़ गई है।
रमा चौधरी
वाटर लॉगिंग की समस्या
नाला टूटा होने के कारण नाले का पानी लोगों के घरों में जा रहा है। इससे वाटर लॉगिंग की समस्या बढ़ गई है।
जेठी देवी
आता है गंदा पानी
पानी की लाइन भी नाले में होने से नाले का गंदा नानी लोगों के घरों में जा रहा है।
पूरी देवी
कई बार की शिकायत
नाले में केबल व लाइनें होने से कचरा फंस जाता है। पूरा नाला टूटा है। इसको लेकर कई बार नगर परिषद को अवगत करवाया। सुनवाई नहीं हो रही है। नाला मोहल्लेवासियों के लिए आफत बन गया है।
बांकाराम पार्षद वार्ड 17
Published on:
29 Nov 2017 01:49 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
