
Health Department: Fogging plan in paper, mosquito outbreak in city
बाड़मेर. चिकित्सा विभाग की ओर से मौसमी बीमारियों व डेंगू, जीका, मलेरिया आदि से बचाव को लेकर बनाया गया फोगिंग प्लान 20 दिन बाद भी कागजों में चल रहा है।
सीएमएचओ ने करीब 20 दिन पहले एक-दो दिन में शहर में फोगिंग शुरू करने का दावा किया था, लेकिन शहर में कहीं भी फोगिंग नहीं की गई है। हालांकि गुरुवार को शहर के सुथारों के बास में एक ही परिवार के तीन जनों को निजी लैब जांच में डेंगू पॉजिटिव आने पर क्षेत्र में एंटीलार्वा एक्टिविटी व पायरेथ्रम का स्पे्र करवाया।
चिकित्सा प्रशासन रोजना बैठकें कर निर्देश देते हुए टीमें भेजने की बात कर रहा है। साथ ही एंटीलार्वा एक्टिविटी करवाने के दावे भी किए जा रहे हैं। लेकिन शहर में बढ़ते मच्छरों और डेंगू के मरीज सामने आने पर विभाग ने सामान्य बुखार बताते हुए खुद का बचाव कर लिया।
हर जगह मच्छरों का प्रकोप
शहर के अधिकांश इलाकों में गंदगी व झाडिय़ों के कारण मच्छर उत्पन्न हो गए हैं। मच्छरों के काटने से मलेरिया व डेंगू सहित जीका का खतरा शहर पर मंडरा रहा है। इसके बाद भी विभाग की ओर से इस बात का इंतजार किया जा रहा है कि जहां से डेंगू या मलेरिया के रोगी आएं उस क्षेत्र में छिड़काव कर दिया जाए। शहर के बाकी हिस्से के लोग मच्छरों के कारण परेशान हैं लेकिन विभाग अब तक फोगिंग नहीं करवा पाया है।
विभागों में नहीं तालमेल
फोगिंग के लिए नगर परिषद की ओर से टैक्सी, डीजल व कर्मचारी उपलब्ध करवाए जा रहे हंै। स्वास्थ्य विभाग फोगिंग के लिए पायरेथ्रम व मशीन उपलब्ध करवाता है। लेकिन विभागों में आपस में तालमेल नहीं होने के कारण शहर में फोगिंग का प्लान कागजों से बाहर नहीं आ रहा है। इसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है।
कच्ची बस्तियों में अधिक खतरा
शहर के मोहन जी का क्रेशर, इंद्रा कॉलोनी, तिलक नगर, शास्त्री नगर, गांधी नगर, जोगियों की दड़ी, कलाकार कॉलोनी, रोहिड़ा पाडा सहित कई इलाकों में अधिक झाडिय़ां होने व नालों के कारण मच्छरों की भरमार होने से बीमारियां फैलने की आशंका है। एेसे में जिम्मेदारों की ओर ढिलाई आमजन के स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है।
नहीं होती नियमित सफाई
शहर के कई हिस्सों में नियमित सफाई नहीं हो रही है। इसके चलते नाले-नालियां ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। इसके चलते मच्छर पनप रहे हैं। सफाई नहीं होने वाले क्षेत्र में ही लोग बीमार हो रहे हैं। सुथारों के बास में नियमित सफाई नहंी हो रही थी। तीन जनों को डेंगू मिलने के बावजूद यहां पर जगह-जगह गंदगी पसरी रही।
बोले लोग
मच्छरों से परेशानी
शहर में मच्छरों की भरमार है। समय रहते फोगिंग नहीं हुई तो कई लोग बीमारियों की चपेट में आ जाएंगे।
-हेमंत कुमार
जीका की चिंता सता रही
मच्छरों के काटने से मलेरिया व डेंगू सहित जीका की आशंका सता रही है। विभाग को समय रहते बीमारियों की रोकथाम के लिए फोगिंग आदि करवानी चाहिए।
-नरपतराज
Updated on:
3 Nov 2018, 12:25 PM IST
Published on:
3 Nov 2018, 12:25 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.