
गडरा रोड @ पत्रिका. गडरा रोड पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार शाम मुनाबाव- बाड़मेर सड़क पर मापूरी के पास हुए दर्दनाक हादसे में एक महिला घायल हो गई और मासूम बच्ची की मौत हो गई। हैड कांस्टेबल हुकमदान चारण ने बताया कि मापूरी के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर वे घटनास्थल पहुंचे।
यह भी पढ़ें : कार के आगे घोड़ी आई, बाल-बाल बचे सीएम के सलाहकार
जानकारी के अनुसार गडरा रोड से रामसर पानी ले जा रहे एक टैंकर ने सड़क पर जा रही बाइक को टक्कर मार दी, जिससे 7 महीने की मासूम बच्ची वर्षा पुत्री विरधाराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महिला अनोपीदेवी पत्नी विरधाराम जाति भील निवासी लूणा भील की ढाणी गागरिया के दोनों पैर टैंकर के टायर के नीचे आने से बुरी तरह जख्मी हो गए। दुर्घटना के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया।
मेडिकल स्टोर चला रहे जमाल खान लालासर ने बताया कि जब हॉस्पिटल में दुर्घटना की सूचना मिली तब 108 एंबुलेंस अन्य केस में बाहर गई हुई थी। इसलिए वे स्वयं अपना निजी वाहन लेकर घटनास्थल पहुंचे। मौके पर जाकर देखा तो सड़क पर वाहनों की लंबी लाइन और लोगों की भीड़ जमा थी। सड़क पर महिला दर्द से तड़प रही थी और लोग वीडियो बनाते रहे। महज 5 किमी दूरी पर गडरा रोड हॉस्पिटल तक घायल महिला को कोई नहीं लाया। उन्होंने बताया कि महिला के दोनों पैर कुचलने से उसे बहुत दर्द हो रहा था लेकिन वहां प्रत्यक्षदर्शियों की जैसे इंसानियत ही मर गई थी। इसके बाद जमाल खान लालासर अपने वाहन से गडरा रोड सीएचसी लाए, जहां मासूम बच्ची वर्षा की मौत हो गई। घायल अनोपीदेवी का प्राथमिक उपचार कर उसे एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल बाड़मेर रैफर किया गया। अब तक पुलिस थाने में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
Published on:
20 Mar 2023, 11:55 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.