
जिनको मिलनी चाहिए दूध की गिलास, वे ही रह गए वंचित
बाड़मेर. सरकारी विद्यालयों में पढऩे वाले विद्यार्थी भले ही अन्नपूर्णा योजना में दूध का स्वाद ले रहे हैं, लेकिन उनसे छोटी उम्र के वे बच्चे जो वास्तव में दूध पीने की उम्र के हैं, उनको इसका लाभ नहीं मिल रहा। ये बच्चे प्री-प्राइमरी एज्युकेशन के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों पर रजिस्टर्ड हैं। इनको बकायदा पूर्व प्राथमिक शिक्षा का प्रमाण-पत्र मिलता है। जिले में 3558 आंगनबाड़ी केन्द्रों में 3 लाख 50 हजार बच्चे हैं, जो दूध का स्वाद नहीं चख पा रहे हैं।
राज्य सरकार ने 2 जुलाई से सरकारी विद्यालयों में अन्नपूर्णा दूध योजना आरम्भ की है। इसमें सप्ताह में तीन दिन पहली से पांचवीं तक के बच्चों को डेढ़ सौ और छठीं से आठवीं तक के बच्चों को दो सौ एमएल दूध पिलाने की व्यवस्था है। इस योजना से जिले में करीब 4 लाख 15 हजार बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। वहीं, इन बच्चों से उम्र में छोटे और आंगनबाड़ी केन्द्रों पर जाने वाले योजना से वंचित हैं। क्योंकि सरकार ने आंगनबाड़ी केन्द्रों को इस योजना से नहीं जोड़ा है।
--
वर्तमान में गर्म पोषाहार व नाश्ता
आंगनबाड़ी केन्द्रों पर रजिस्टर्ड बच्चों को वर्तमान में गर्म पोषाहार व नाश्ता मिलता है। नाश्ते में सप्ताह में एक दिन 50 ग्राम मुरमुरे व दूसरे दिन 55 ग्राम गुड़-चना प्रति बच्चा देय होता है। वहीं गर्म पोषाहार भी हर सप्ताह एक दिन खीचड़ी व दूसरे दिन मीठा दलिया प्रति बच्चा 80 ग्राम मिलता है।
--
प्री-प्राइमरी एज्यूकेशन पर फायदा नहीं
आंगनबाड़ी केन्द्रों को प्री- प्राइमरी एज्युकेशन का दर्जा प्राप्त है। यहां स्कूली शिक्षा से पूर्व की पढ़ाई करवाई जाती है। एेसे में यहां भी सरकारी स्कूल को मिलने वाला परिलाभ मिलना चाहिए, लेकिन एेसा नहीं हो रहा। इस कारण ये बच्चे दूध की पौष्टिकता से वंचित है।
पोषक तत्व की आवश्यकता
छोटे बच्चों को पोषक तत्वों की ज्यादा जरूरत रहती है। एेसे में विद्यालयी बच्चों से भी ज्यादा आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों को पोषाहार की जरूरत है। दूध की गिलास पहले इन बच्चों को मिलनी चाहिए।- छगनसिंह लूणू्र, जिलाध्यक्ष राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम
नाश्ता व गर्म पोषाहार देय- आंगनबाड़ी केन्द्रों पर वर्तमान में नाश्ता व गर्म पोषाहार देय है। दूध की व्यवस्था नहीं है।
-सती चौधरी, उप निदेशक, महिला एवं बाल विकास परियोजना, बाड़मेर
Published on:
04 Jul 2018 07:01 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
