
कार चुराने के दो आरोपी गिरफ्तार, कनाना के पास लूट की वारदात भी कबूली
बालोतरा. पचपदरा पुलिस ने कार चोरी के दो आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। थानाधिकारी नेमाराम चौधरी ने बताया कि 22 सितम्बर को पचपदरा कस्बे के न्यू रामदेव होटल पर एक टवेरा गाड़ी का चालक पानी की बोतल लेने गया। उस दौरान वहां से अज्ञात चोर वाहन चुरा फरार हो गए। चालक लूणी निवासी महिराम बिश्नोई ने चोरी का मामला दर्ज कर करवाया था। पुलिस ने मामले की जांच कर मनोहरलाल पुत्र किशनाराम बिश्नोई निवासी सांकड़ (सांचोर) व खेताराम पुत्र लालाराम प्रजापत निवासी नोखड़ा (रागेश्वरी) को जोधपुर से दस्तयाब कर पूछताछ की। इस पर दोनों आरोपियों ने होटल के आगे से वाहन चुराने की वारदात कबूल कर ली। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जयपुर से कार किराए पर लेकर कनाना के पास चालक को धमका कर लूटने की वारदात को अंजाम देना भी स्वीकार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियोंं से पूछताछ में जुटी हुई है। उनसे वाहन लूट व चोरी की कई वारदातें खुलने की उम्मीद है।
यह है कनाना में कार चोरी की घटना
जयपुर से किराए पर लाए कार, कनाना के पास चालक को उतार हुए फरार
- दौसा निवासी चालक ने दर्ज करवाया मामला
समदड़ी (बाड़मेर).
जयपुर से जोधपुर के लिए किराए की कार लेकर आए दो अज्ञात लोगों ने कनाना गांव के समीप कार चालक को धमकाया और कार लेकर फरार हो गए। कस्बे पुलिस थाना में इसे लेकर मामला दर्ज हुआ है। थानाधिकारी धोलाराम माली ने बताया कि दौसा निवासी चंद्रभान पुत्र मोहनसिंह ने रिपोर्ट प्रस्तुत कर बताया कि उसके पास दो अज्ञात लोग आए और जोधपुर के लिए उसकी कार किराए पर लेकर चलने को कहा । इस पर वह कार लेकर इनके साथ जयपुर से जोधपुर के लिए रवाना हुआ। बीच रास्ते में उन्होंने पाली होकर जोधपुर चलने को कहा। पाली से होते हुए वे कानाना गांव पहुंचे। इससे पूर्व दोनों में से एक ने कार चालक को धमकाया और चालक की सीट पर बैठकर कार खुद चलाने लगा। कानाना के पास बुधवार शाम करीब 7 बजे कार चालक को जबरन कार से नीचे उतारकर दोनों कार लेकर बालोतरा की ओर फरार हो गए। पुलिस ने कार लूट का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की है। निसं.
Updated on:
01 Oct 2018 08:14 pm
Published on:
30 Sept 2018 09:23 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
