
स्थायी होने की उम्मीद में सफेद हो गए बाल
रामलाल चौधरी
समदड़ी पत्रिका. जिस उम्र में सरकारी कर्मचारी सेवानिवृत्त होने की दहलीज पर होते हैं, उसी उम्र्र में ये लोग स्थायी होने का इंतजार कर रहे हैं। यह इंतजार भी एक-दो साल से नहीं 28 साल का है, जो लम्बा होता जा रहा है। मामला ग्राम पंचायत समदड़ी में कार्यरत 22 सफाईकर्मियों का है, जिनके स्थायी होने की उम्मीद में बाल सफेद हो गए हैं। उनकी मांग को विधायक व ग्राम पंचायत भी वाजिब मान रहे हैं, लेकिन गेंद सरकार के खाते में डाल इतिश्री कर रहे हैं।
समदड़ी ग्राम पंचायत की सफाई व्यवस्था को लेकर 28 साल पहले सफाईकर्मियों को दिहाड़ी मजदूरी पर लगाया था। इसके बाद से वे अभी तक अस्थायी कार्मिक के रूप में ही सेवाएं दे रहे हैं। बढ़ती महंगाई के बीच घर-परिवार चलना मुश्किल हो रहा है। कई बार उन्होंने अपनी मांगों को लेकर धरने दिए, प्रदर्शन किया, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिला।
22 कर्मचारी नियुक्त - ग्राम पंचायत में वर्ष 1990 में 22 सफाईकर्मी मानदेय पर नियुक्ति किए गए थे। पूर्व में ग्राम पंचायतों में चुंगी का प्रावधान होने से चुंगी आय से कार्मिकों को दिहाड़ी मजदूरी दी जाती थी। अगस्त 1998 में सरकार ने चुंगी का प्रावधान बंद किया। इस पर इनके मानदेय का वित्तीय भार ग्राम पंचायत को वहन करना पड़ता है।
4914 मासिक मजदूरी - कस्बे को साफ सुथरा रखने वाले इन कार्मिकों को न्यूनतम मजदूरी भी नसीब नहीं हो रही है। वर्तमान में इन्हें मात्र 4914 रुपए मासिक मजदूरी दी जा रही है। हर दिन आसमान छूती महगांई में इस दिहाड़ी मजदूरी से परिवार चलाना टेढ़ा काम हो गया है। इनकी मजदूरी बढ़ाने व स्थायी करने के लिए ग्राम पंचायत ने कई बार प्रस्ताव प्रशासन को भेजा। आदेश जारी पर लागू नहीं -राज्य सरकार ने 27 नवम्बर 2016 को आदेश जारी कर 1998 से पूर्व दैनिक मजदूरी या मानदेय पर कार्यरत ऐसे कार्मिकों को चतुर्थ श्रेणी पद पर समायोजित कर स्थायी नियुक्ति देने के लिए कहा गया । इस सम्बध में ग्राम पंचायत में कार्यरत सफ ाईकर्मियों की सूचना मांगने पर भेजी गई, लेकिन अभी तक इन्हें इस आदेश का लाभ नहीं दिया गया।
करेंगे आंदोलन- दिहाड़ी मजदूरी से घर चलाना मुश्किल हो गया है। शीघ्र ही स्थायी नहीं किया तो आंदोलन करेंगे। - ज्ञानचन्द घुसर, अध्यक्ष ग्रामीण सफ ाई मजदूर संघ
प्रस्ताव सरकार को भेजा- ग्राम पंचायत में कार्यरत सफ ाई कर्मचारियों को स्थायी करने व मजदूरी बढ़ाने के प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजे गए हैं । सरकार इन्हें स्थायी नियुक्ति दें। - समदाकंवर, सरपंच
मांग जायज, प्रयास जारी- सफाईकर्मियों की मांग वाजिब है। इनकी मांगों को लेकर राज्य सरकार को अवगत करवाकर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा। - हमीरसिंह भायल, विधायक
Published on:
09 Jun 2018 06:52 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
