
खुशखबरी : विधानसभा चुनाव में अब 28 लाख रुपए खर्च कर सकेंगे अभ्यर्थी
बेमेतरा . कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महादेव कावरे ने मंगलवार को कलक्टोरेट सभाकक्ष में मीडिया के प्रतिनिधियों से रू-ब-रू होकर विधानसभा चुनाव की प्रारंभिक तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। कलक्टर ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य का आज अंतिम दिन था। प्राप्त दावा आपत्ति का निराकरण 20 सितंबर तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 27 सितंबर को किया जाएगा। अभ्यर्थियों के लिए चुनाव खर्च की अधिकतम व्यय सीमा 16 लाख रूपए से बढ़ाकर 28 लाख रूपए कर दी गई है। गत चुनाव 2013 में व्यय सीमा 16 लाख रूपए निर्धारित थी।
तीन विधानसभा के 726 मतदान केंद्रों के लिए 58 सेक्टर अधिकारी नियुक्त
जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र के 726 मतदान केन्द्रों के लिए 58 सेक्टर अधिकारी नियुक्त कर दिया गया है। चुनाव के लिए जिले को बैलेट यूनिट 1080 एवं कंट्रोल यूनिट 900 तथा वीवीपीएटी 936 प्राप्त हो चुके हैं। कावरे ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र साजा के अंतर्गत दो नए मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 2-तेन्दो 124-साजा, बेमेतरा के अंतर्गत 32-कोबिया, 38-मुड़पार, 70-मटका, 85 - भिमपुरी, 103 - सिंघौरी, 137-रेवे, नवागढ़ विधानसभा के अंतर्गत 17-टोहड़ी, 38-गुंजेरा, 233 चमारी शामिल हैं।
निर्दलीय व क्षेत्रीय पार्टी के उम्मीदवार के लिए 10 प्रस्तावक होना जरुरी
कलक्टर ने बताया कि सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 10 हजार रुपए एवं अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए 5 हजार रुपए का शुल्क निर्धारित किया गया है। राष्ट्रीय दलों के अभ्यर्थियों के लिए प्रस्तावक की संख्या एक रहेगी तथा निर्दलीय एवं अन्य पंजीकृत क्षेत्रीय पार्टी के लिए 10 प्रस्तावक का होना जरूरी है। मतदान करने की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित है, जबकि चुनाव लडऩे के लिए 25 वर्ष का होना जरूरी है। कलक्टर ने यह बताया कि नामांकन पत्रों संवीक्षा (स्क्रूटनी) के दिन अभ्यर्थी को 25 वर्ष की आयु पूर्ण करना जरूरी है। इसके लिए उन्हें दस्तावेजी प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। अभ्यर्थियों के खर्च पर नजर जिला व्यय अनुविक्षण समिति रखेगी। चुनाव में पेड न्यूज पर रोक व मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी द्वारा नजर रखी जाएगी।
जिले में 5 केंद्र हुए विलोपित और 11 नए मतदान केंद्र बनाए गए
कलक्टर ने बताया कि इवीएम का फस्र्ट लेवल चेकिंग इलेक्ट्रानिक्स कार्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) हैदराबाद के इंजीनियरों द्वारा किया जा चुका है। बेमेतरा जिला में 03 विधानसभा क्षेत्र 68-साजा, 69-बेमेतरा, 70- नवागढ़ सम्मिलित हैं। ग्रामीण क्षेत्र में 1200 से अधिक और शहरी क्षेत्र में 1400 से अधिक मतदाता वाले मतदान केन्द्रों का निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार युक्तियुक्तकरण किया गया। फलस्वरूप 68 साजा में 2, 69 बेमेतरा-6 और 70 नवागढ़-3 कुल 11 नए मतदान केन्द्रों का निर्माण किया गया है। इसी प्रकार 69 बेमेतरा से 2 तथा 70 नवागढ़ से 03 मतदान केन्द्र जो एक ही परिसर पर स्थित एक से अधिक मतदान केन्द्रों में से कम मतदाता वाले कुल 05 मतदान केन्द्रों का विलोपन किया गया है।
जिले में कुल 572771 मतदाता
वर्तमान में जिले में कुल 726 मतदान केन्द्र (68 साजा-185, 69 बेमेतरा-243 एवं 70 नवागढ़-298) है। मतदान केन्द्रों की सूची का प्रकाशन दिनांक 30 जुलाई को किया गया है। जिले के 726 मतदान केन्द्रों में 59 मतदान केन्द्र शहरी क्षेत्र में तथा 667 ग्रामीण क्षेत्र में हैं। जिले में कुल मतदाता 572771 है जिसमें साजा विधानसभा क्षेत्र में कुल 142562 मतदाता हैं। बेमेतरा में 199451, नवागढ़ में 230758 मतदाता हैं। वि.स. क्षेत्र क्रमांक 68 साजा के मतदान केन्द्र क्रमांक 184 से 284 तक कुल 99 मतदान केन्द्र दुर्ग जिले में सम्मिलित हैं एवं 69 बेमेतरा के मतदान केन्द्र 195 से 216 कुल 22 मतदान केन्द्र दुर्ग जिले में सम्मिलित हैं।
लोगों को दी वीपीपेट मशीन की जानकारी, शिविरों की सूची से वार्ड 11 गायब
मंगलवार को शहर के वार्डों में शिविर लगाकर लोगों को मतदाता सूची दिखाई जा रही है। साथ ही वीवीपेट मशीन की जानकारी भी दी जा रही है। इस कार्यक्रम में मानुपुर शिव मंदिर मेें आयोजित शिविर में अव्यवस्था देखी गई। जहां शिविर दोपहर 12 बजे से 3 बजे होना था, लेकिन पंडाल में कुर्सियां दोपहर 2 बजे लगाई गई। आज शहर में शासकीय कन्या स्कूल, आश्रय स्थल सिंघौरी, सांस्कृतिक मंच कोबिया व नया वाचनालय भवन में शिविर लगाया गया था। मतदाताओं को सीधे जोडऩे के लिए लगाए जा रहे शिविर से वार्ड 11 को वंचित रखा गया है। जिसके कारण वार्डवासी परेशान रहे। पालिका द्वारा जारी कार्यक्रम में वार्ड 11 के लिए शिविर स्थल तय नहीं किया गया और ना ही जिम्मेदारी तय की गई। जिसके कारण वार्ड 11 के लोग विभिन्न शिविर स्थल पर भटकते रहे। स्थिति को लेकर अंत तक पालिका प्रशासन द्वारा सुध नहीं ली गई। जिसके कारण लोगों में नाराजगी नजर आई।
Published on:
22 Aug 2018 10:45 pm
बड़ी खबरें
View Allबेमेतरा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
