
फसल कटाई प्रयोग
बेमेतरा. खरीफ सीजन के दौरान जिले में हुई अल्प वर्षा का धान उत्पादन पर व्यापक असर रहा। सहकारी समिति से कर्ज लेकर खेती के करने वाले किसान धान बेचने के बाद भी अपना पूरा कर्ज नहीं चुका पाए हैं। जिले के किसानों ने 352 करोड़ 68 लाख रुपए के कर्ज में से केवल 174 करोड़ 33 लाख रुपए का ही भुगतान किया है।
नगद के अलावा खाद-बीज के लिए लेते हैं कर्ज
बताना होगा कि जिले के ज्यादातर किसान सहकारी समितियों से नगद के अलावा खाद और बीज लेकर खेती करते हैं। समितियों में धान खरीदी के साथ किसानों को दिए गए कर्ज की वसूली की जाती है। लेकिन इस बार अल्प वर्षा की वजह से समितियों की वसूली प्रभावित हुई है। जिले के बालसमुंद, नवागढ़, दाढ़ी, मारो, संबलपुर, बेरला, परपोड़ी, थानखम्हरिया, भिभैारीस बेेमेतरा व देवरबीजा के अतर्गत आने वाले समितियों के 72274 किसानों ने 352 करोड़ 68 लाख रुपए का कर्ज लिया था, जिसमें से 13 शाखाओं के 43177 किसानों ने धान बेचकर 174 करोड़ 33 लाख रुपए कर्ज का भुगतान किया है। यह रकम लिए गए कर्ज से आधे से भी कम है।
बालसमुंद में सबसे कम वसूली
जिले में किसानों से सबसे कम कर्ज की वसूली बालसमुंद शाखा में की गई है। शाखा के समितियों से 3992 किसानों को 19 करोड़ 17 लाख का कर्ज दिया गया था, जिसमें से आधे के करीब याने 2003 किसानों ने केवल 7 करोड़ 73 लाख रुपए का भुगतान किया है, जो कुल कर्ज का 40.31 प्रतिशत है। थानखम्हरिया में 8598 किसानों को 54 करोड़ 44 लाख रुपए का कर्ज दिया गया था, जिसमें 5327 किसानों से केवल 21 करोड़ 97 लाख रुपए वसूला गया है। नवागढ़ शाखा के 5279 किसानों को 27 करोड़ 32 लाख का कर्ज दिया गया था, जिसमें से 2288 किसानों ने धान बेचकर 12 करोड़ 2 लाख रुपए का भुगतान किया है। बेमेतरा में 7442 किसानों ने 41 करोड़ का कर्ज लिया है, जिसमें से 4054 किसानों ने 18 करोड 06 लाख का भुगतान किया है।
सात समितियों में 50 फीसदी से कम वसूली
देवरबीजा में 6359 किसानों ने 39 करोड़ 27 लाख का कर्ज लिया है, जिसमें से 3458 किसानों ने 17 करोड़ 60 लाख रुपए किया है। भिभैारी में 4970 किसानों ने 23 करोड़ 25 लाख रुपए कर्ज लिया था, जिसमें 2061 किसानों ने 11 करोड़ 13 लाख रुपए का भुगतान किया है। मारो शाखा में 2061 किसानों ने 6 करोड़ 50 लाख रुपए का कर्ज लिया है, जिसमें से 3 करोड़ 11 लाख रुपए का भुगतान किया है। इस तरह से जिले के बालसमुंद, नवागढ़, मारो, थानखम्हरिया, भिभैारी, बेमेतरा व देवरबीजा में आधे से कम याने 40 से 47 फीसदी कर्ज की वसूली हो पाई है।
6 शाखाओं में 50 से ज्यादा रिकवरी
दुर्ग जिला सहकारी केन्द्रीय बैक मर्यादित की जिले में कुल 13 शाखाओं में से 6 शाखाओं में कर्ज वसूली 50 प्रतिशत से अधिक रही। साजा में 7693 किसानों ने 40 करोड़ का कर्ज लिया है, जिसमें से 4540 किसानों ने 20 करोड़ 46 लाख रुपए का भुगतान कर दिया है। बेरला शाखा से 9874 किसानों ने 37 करोड़ 21 लाख का कर्ज लिया था, जिसमें से 6004 किसानों ने 19 करोड़ 77 लाख अदा कर दिया है। परपोड़ी में 4754 किसानों ने 23 करोड़ 25 लाख का कर्ज लिया था, जिसमें से 2206 किसानों ने 14 करोड़ 57 लाख का भुगतान कर दिया है।
संबलपुर शाखा में सबसे ज्यादा वसूली
नांदघाट समिति में 4180 किसानों ने 8 करोड़ 92 लाख का कर्ज लिया है, जिसमें से 2719 किसानों ने 5 करोड़ 61 लाख रुपए का भुगतान कर दिया है। दाढ़ी में किसानों ने 10 करोड़ 39 लाख रुपए का कर्ज लिया था, जिसमें से 3508 किसानों ने 7 करोड़ 47 लाख रुपए जमा कर दिया है। जिले में सबसे अधिक वसूली संबलपुर शाखा से हुई है, जहां 4994 किसानों को 18 करोड़ 71 लाख रुपए कर्ज दिया गया था, इनमें से 3508 किसानों ने 14 करोड़ 78 लाख रुपए का भुगतान कर दिया है। इस तरह से शाखा किसानों ने करीब 79 फीसदी कर्ज का भुगतान कर दिया है।
Published on:
20 Feb 2018, 7:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.