
मंत्री की बैठक से उठकर चले गए अधिकारी, नेता जी ने झल्लाते हुए कहा, ये तो हमारा फोन भी नहीं उठाते
बेमेतरा. प्रदेश के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री दयालदास बघेल ने बुधवार को दोपहर नवागढ़ जनपद पंचायत कार्यालय में अधिकारियों की मैराथन बैठक लेकर विभागीय कामकाज की समीक्षा की। बैठक के दौरान कार्यपालन अभियंता, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग बेमेतरा के बीच में चले जाने पर मंत्री ने नाराजगी जताई।
नहीं करते फोन रिसीव
मंत्री बघेल ने बैठक में कहा कि जब भी वे अपने पीए के जरिए कार्यपालन अभियंता आरइएस को फोन लगाते हैं, तो उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया जाता और न ही बाद में कॉल बैक किया जाता है। बघेल ने कहा कि आरइएस अधिकारी के विरुद्ध और शिकायत मिली है कि संबंधित कार्यपालन अभियंता जिलास्तर पर आयोजित साप्ताहिक टीएल और अन्य विभागीय बैठकों में भी उपस्थित नहीं रहते।
कामकाज की समीक्षा की
बैठक के दौरान मंत्री बघेल ने विभागीय कामकाज की समीक्षा करते हुए अप्रारंभ कार्यों को जल्द से जल्द शुरू करने के साथ निर्माणाधीन कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए, साथ ही इन कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने कहा। साथ ही शौचालय की प्रोत्साहन राशि का लंबित भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर महादेव कावरे, पुलिस अधीक्षक एचआर मनहर, जिला पंचायत सीइओ सच्चिदानंद आलोक, जनपद पंचायत अध्यक्ष टारजन साहू, जिला पंचायत सदस्य अंजू बघेल, नवागढ़ एसडीएम डीएस उइके, नवागढ़ जनपद पंचायत सीइओ आनंद तिवारी सहित ग्राम पंचायत सचिव, जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।
नाराजगी जाहिर की
मंत्री नेे नवागढ़ ब्लॉक के अंतर्गत 300 साइकिल की अब तक वितरण नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की और जल्द से जल्द से वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि रेडी टू ईट योजना के क्रियान्वयन में उन्हें शिकायतें प्राप्त हो रही है। उन्होंने गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए।
नवागढ़ ब्लॉक के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 25 रिक्त पदों पर भी नियमानुसार शीघ्र भर्ती करने के निर्देश दिए। मंत्री ने विधायक निधि के अंतर्गत जो कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए है उसे शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश पंचायत सचिवों को दिए। उन्होंने जनपद पंचायत एवं नवागढ़ क्षेत्र में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों के संबंध में जानकारी ली और इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इन कार्यों में गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाए।
Published on:
30 Aug 2018 11:28 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
