बेमेतरा . कर्ज नहीं चुकाने पर बैंक प्रबंधनों की खेत नीलाम कर देने की धमकी से परेशान धमधा व साजा क्षेत्र के किसानों ने कर्ज माफ करवाने या आत्महत्या की अनुमति देने की गुहार लगाई है। राजस्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय के निवास पहुंचे सब्जी उत्पादक किसानों ने कहा कि उचित दाम नहीं मिलने से उन्हें अपनी फसल सड़क पर फेंकना पड़ा। दो साल में कर्ज की रकम इतनी बढ़ गई कि अब चुका पाने की स्थिति में नहीं है।
नेता कांग्रेस रविंद्र चौबे और मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय को सुनाई पीड़ा
किसानों का दर्द सुनने के बाद पांडेय ने तत्काल बेमेतरा कलक्टर से बात की। उन्होंने बैंकों द्वारा कर्ज वसूली अभी स्थगित रखने और किसानों को किसी भी तरह से परेशान नहीं करने कहा। किसान अपने क्षेत्र के पूर्व विधायक रविंद्र चौबे के साथ मंत्री से मिलने पहुंचे थे। पहले चौबे ने पांडेय को किसानों की पीड़ा से अवगत कराया। इसके बाद किसानों ने पारी-पारी से अपना दर्द बयां किया।
नहीं निकल पा रही फसल की लागत
लीलाधर , जयराम और गन्नू राम साहू ने कहा कि वे बैंक से कर्ज लेकर सब्जी की खेती करते हैं। ज्यादातर लोग टमाटर और केला उगाते रहे हैं। पिछले दो साल से उन्हें खेती में बहुत नुकसान उठाना पड़ रहा है। केले व पपीते उगाने वालों को मौसम की मार झेलनी पड़ी। अचानक आंधी आने से पूरी फसल धराशायी हो गई। वहीं टमाटर उत्पादक किसान उचित दाम नहीं मिलने से मुनाफा तो दूर, अपनी लागत भी नहीं निकाल पाया।
अपने ही खेत की मेड़ पर कदम नहीं रख पा रहे किसान
नासिर खोखर ने बताया कि कर्ज पटाने के लिए बैंक वाले लगातार परेशान कर रहे हैं। यहां तक धमकी दे रहे हैं कि कर्ज नहीं चुकाया तो खेत नीलाम कर देंगे। कुछ किसानों के खेत को तो अपने आधिपत्य में भी ले लिया है। खेत के सामने पोस्टर चस्पा कर दिया है कि यह संपत्ति बैंक के आधिपत्य में हैं, अनाधिकृत प्रवेश वर्जित है। इस तरह अब किसान ही अपने खेत से बेदखल हो गए हैं। वे अपने खेत की मेड़ तक पर कदम नहीं रख पा रहे हैं। यह दर्द बयां करते हुए कुछ किसानों का गला रुंध आया।
परिवार का भरण पोषण हो गया मुश्किल
एक युवा किसान ने कहा कि खेती के भरोसे ही पूरे परिवार को पालन-पोषण करते हैं। दो साल से आमदनी नहीं होने के कारण अब तो गुजर-बसर मुश्किल हो गया है। हालात यहां तक हो गई है कि अपने व बच्चों के लिए नए कपड़ा खरीदने के लिए भी सोचना पड़ रहा है। जैसे-तैसे दो वक्त की रोटी खा पर रहे हैं।
अब खेती करने के लिए भी पैसे नहीं
किसानों ने कहा कि पहले से ही बैंक का कर्जदार है। जिंदगी जैसे-तैसे चल रही है। अब अगर इस उम्मीद में कि शायद इस बार यही धरती उन्हें उबार देगी, तो खेती करने के लिए भी पैसे नहीं है।
राज्य में सरप्लस बिजली तो हमारे खेत के लिए क्यों नहीं
रुपेश साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरप्लस बिजली का ढिंढोरा पीटा जाता है। दूसरे राज्यों को बिजली बेची जाती है। लेकिन हमारे खेत के लिए सरकार के पास बिजली नहीं है। खेती के लिए बिजली सप्लाई लाइन अलग से है। 24 घंटे में बमुश्किल 5-6 घंटे बिजली रहती है। हालत है कि पांच हॉर्स पॉवर के पंप से एक एकड़ खेत की दो दिन में सिंचाई नहीं हो पाती। किसानों ने फिलहाल अटल ज्योति योजना को बंद कर किसानों को बिजली देने की मांग की।
यंू छलका किसानों का दर्द
किसानों ने बताया कि न तो फसल बीमा का लाभ मिल रहा है और न ही समर्थन मूल्य। प्रति एकड़ सबिसडी भी समय पर नहीं मिलती। अकाल घोषित होने के बाद भी आज तक कई किसानों को मुआवजा नहीं मिला। सब्जी उत्पादक किसानों को समर्थन मूल्य नहीं तो लहसुन और प्याज की तरह प्रति एकड़ भावांतर योजना के तहत 500 से 1000 रुपए प्रति क्ंिवटल भुगतान किया जाए।