
ये क्या सीएम के सभा स्थल पर फैली थी गंदगी, मंत्री ने देखा तो अधिकारियों को लगाई फटकार
नवागढ़ / बेमेतरा. मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह प्रदेशव्यापी विकास यात्रा के दौरान 31 मई को नवागढ़ ब्लॉक के संबलपुर में आयोजित आमसभा में 152 करोड़ 57 लाख रुपए लागत के 52 विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 91 करोड़ 38 लाख रुपए लागत के 24 विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 61 करोड़ 18 लाख रुपए लागत से बनने वाले 28 विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।
गुरुवार को दोपहर 12 बजे पहुंचेंगे सीएम
मुख्यमंत्री विकासयात्रा लेकर गुरुवार को दोपहर 12 बजे नवागढ़ विधानसभा के ग्राम संबलपुर पहुंचेंगे। सभा की तैयारी का जायजा लेने के लिए मंगलवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश मूणत व सहकारिता मंत्री दयालदास बघेल संबलपुर पहुंचे। उन्होंने सभा स्थल, हेलीपेड व विश्राम कक्ष का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और बुधवार को सुबह तक पूरी तैयारी पूर्ण करने को कहा। मंत्री बघेल ने मंडी प्रांगण में व्याप्त गंदगी पर जमकर नाराजगी जताई और सड़क किनारे के गड्ढों को तत्काल ठीक करने कहा। मंत्री बघेल ने मूणत को कार्यकर्ताओं के रुझान से अवगत कराया।
हर कदम पर स्वागत, मोना सेन देंगी प्रस्तुति
संबलपुर ग्राम पंचायत भवन के पास हेलीपेड से लेकर सभा स्थल तक हर कदम पर सीएम का स्वागत किया जाएगा। जसगीत, रामधुन, पंथी नृत्य के अलावा विभिन्न वाद्य कलाकार व भाजपा के पदाधिकारी स्वागत करेंगे। सभा स्थल के समीप विभिन्न विभागों के लगे स्टॉल में हितग्राहियों को सामग्री वितरित किया जाएगा। इसकी सूची तैयारी कर ली गई है और जिम्मेदारी तय कर दी गई है। संबलपुर में विकासयात्रा के स्वागत के लिए मोना सेन का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखा गया है। जिसकी प्रस्तुति सुबह 9 बजे से होगी।
गुणवत्ता का ध्यान रखने के दिए निर्देश
मंत्री मूणत ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा है कि ड्यूटी में आने वाले कर्मचारियों को भोजन देते समय गुणवत्ता का ध्यान रखें। संबलपुर में कलक्टर महादेव कांवरे, एसपी धर्मेंद्र गर्ग, जिला पंचायत सीईओ एस आलोक, एएसपी गायत्री सिंह, जनपद सीईओ विनायक शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री विकासधर दीवान, जिला पंचाय सदस्य अंजू बघेल, जनपद अध्यक्ष टारजन साहू, दिनेश सोनी, सुभाष सोनी, नरेंद्र चौबे, मनीष चौबे, बबलू राजपूत, दुर्गा सोनी, चंद्रिका साहू, अजय साहू सहित बड़़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
कूंरा व चंदनू के विद्युत सब स्टेशन और नवागढ़ सीएससी का करेंगे लोकार्पण
कलक्टर महादेव कावरे ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. सिंह जिन कार्यों का लोकार्पण करेंगे, उसमें 73 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से 54 गांवों में मीठा जल प्रदाय के लिए समूह जल परियोजना का लोकार्पण, 3 करोड़ 56 लाख रुपए की लागत से ग्राम कुरा एवं चंदनू में 33/11 केवी क्षमता का विद्युत उप केन्द्र का लोकार्पण, 2 करोड़ 43 लाख रुपए की लागत से नवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, 2 करोड़ सात लाख रुपए की लागत से नवागढ़ में नवीन आईटीआई भवन, 51 लाख 24 हजार रुपए की लागत से सम्बलपुर में मिनी स्टेडियम, 36 लाख 68 हजार रुपए की लागत से नवागढ़ में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय भवन, 31 लाख रुपए की लागत से नवागढ़ में मनरेगा भवन, 25 लाख 50 हजार रुपए की लागत से नगर पंचायत मारो में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक भवन और 19 लाख 39 हजार रुपए की लागत से सम्बलपुर में अटल समरसता भवन का लोकार्पण आदि कार्य प्रमुख रूप से शामिल है।
विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए करेंगे भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह जिन कार्यों का शिलान्यास करेंगे उसमें 17 करोड़ 31 लाख रुपए की लागत से सकरी नहर फेज-दो की मुख्य नहर एवं शाखा नहरों का रिमॉडलिंग, लाइनिंग एवं पक्के कार्यों का भूमिपूजन, 7 करोड़ 59 लाख रुपए से केसला-योगीदीप-खम्हरिया मार्ग में हॉफ नदी पर पुल निर्माण, 6 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत से हेमाबंध-भंवरदा-अमलीडीह मार्ग, 2 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से अंधियाखोर-मरका मार्ग में पुल निर्माण, 2 करोड़ चार लाख रुपए की लागत से हाथाडाडू से कामता सड़क निर्माण, 1 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से कोसा से करचुवा पहुंच मार्ग, 68 लाख रुपए लागत से गिधवा-परसदा आरक्षित पक्षी विहार परियोजना, 46 लाख 72 हजार रुपए की लागत से सम्बलपुर बस स्टैण्ड का भूमिपूजन कार्य मुख्य रूप से शामिल है।
71 हजार किसानों को फसल बीमा और 59 हजार किसानों को मिलेगा धान का बोनस
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं में 70 हजार 934 किसानों को फसल बीमा के अंतर्गत 155 करोड़ 86 लाख रुपए का बीमा राशि प्रदाय करेंगे। मुख्यमंत्री जिले के 59 हजार 805 किसानों को 80 करोड़ 96 लाख रुपए का धान बोनस, एक लाख 6 हजार 802 ग्रामीण एवं 9268 नगरीय भू-स्वामी हक संबंधी आबादी पट्टा का वितरण, एक हजार हितग्राहियों को प्रधानमंत्री गैस कनेक्शन, एक हजार श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा साइकिल, 50 हितग्राहियों को सिलाई मशीन, 200 श्रमिकों को औजार व सुरक्षा उपकरण, 10 मोटराइज्ड ट्राय साइकिल, 6 लाख रुपए का पांच किसानों को उद्यानिकी विभाग की ओर अनुदान राशि, 15 ग्रामों की शालाओं को 30 टेबलेट, सात लोगों को श्रवण यंत्र , 10 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास अधिकार पत्र, 50 प्रशिक्षणार्थियों को कौशल प्रमाण पत्र, 10 हितग्राहियों को स्मार्ट कार्ड एवं पांच कुम्भकारों को इलेक्ट्रॉनिक चॉक का वितरण करेंगे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
30 May 2018, 6:20 AM IST
बड़ी खबरें
View Allबेमेतरा
छत्तीसगढ़




