10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जिला अस्पताल में नहीं है डेंगू के मरीजों के उपचार की सुविधा, दो मरीज रायपुर रेफर

अस्पताल प्रबंधन ने किया था जिला अस्पताल में इलाज की समुचित व्यवस्था होने का झूठा दावा
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बेमेतरा

•

image

Laxmi Narayan Dewangan

•

Updated: 15 Aug 2018, 12:00 AM IST

Bemetara Hospital, Dengue in Bemetara, Bemetara Breaking News

जिला अस्पताल में नहीं है डेंगू के मरीजों के उपचार की सुविधा, दो मरीज रायपुर रेफर

बेमेतरा . कल तक सुविधा होने का दावा ठोंक रहे जिला हास्पिटल में मंगलवार को मरीज के आने की स्थिति में केवल इलाज के नाम पर मात्र दवा उपल्ब्ध होने की बात कही जा रही है। साथ ही मरीज को प्लेटलेट्स चढ़ाने की सुविधा व सुविधायुक्त लैब नहीं होने के कारण जिला अस्पताल से मरीजों को मेकाहरा रायपुर रेफर किया जा रहा है। सोमवार को मिले डेंगू के मरीज नरेश कुमार साहु पतोरा को जिला हास्पिटल से संजीवनी वाहन से रायपुर रेफर कर दिया गया है।
निजी अस्पताल में 7 दिन से चल रहा था इलाज
वहीं मंगलवार को दूसरे दिन निजी अस्पताल से इलाज के लिए भेजे गए डेगु के संभावित मरीज 14 वर्र्षीय छात्र को जिला हास्पिटल से रायपुर मेकाहरा रेफर किया गया है। जिला अस्पताल में रैपिड किट जांच में मरीज को डेंगू होने की पुष्टि नहीं हुई है पर खून में प्लेटलेट्स कम होने के कारण संभावना जताते हुए सिरम जांच के लिए रायपुर रेफर किया गया है। मरीज के परिजन ने बताया कि वह सात दिन से निजी अस्पताल में उपचार करा रहा है, लेकिन बुखार कम नहीं हो रहा है। जिसके कारण डेंगू होने की आशंका से निजी हास्पिटल से जिला हास्पिटल रेफर किया गया है।
सामान्य से 60 प्रतिशत कम है प्लेटलेट्स
छात्र के पिता ने बताया कि वह अपने बच्चे का इलाज स्थानीय अस्पताल में एक सप्ताह से करा रहा है। जिसके बाद आज जब अस्पताल पहुंचा तो पैथोलेब में मलेरिया, टाइफाइड की जांच की गई। साथ ही ब्लड में प्लेटलेट्स कम होने पर डेंगू होने की आशंका पर जिला हास्पिटल भेजा गया है। निजी अस्पताल के डा. सादीक कुरैशी ने बताया कि मरीज में डेंगू के लक्ष्ण दिखने पर खून की जांच कराया गया है । जिनकी ब्लड टेस्ट रिपोर्ट में प्लेटलेट्स की संख्या सामान्य से लगभग 60 प्रतिशत कम आने पर मरीज को डेंगू किट से जांच करने के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। सिविल सर्जन डा. एसके पाल ने बताया कि आज आए मरीज की जांच रिपोर्ट निगेटिव है पर ब्लड में प्लेटलेट्स कम होने के कारण प्लेटलेट्स चढ़ाया जाना जरूरी है इसलिए रायपुर रेफर किया गया है।
नगर पालिका करा रहा नुवान का छिड़काव
बेमेतरा नपा क्षेत्र में डेंगू से बचाव एवं रोकथाम के लिए नगर के खुली नालियों, झाडिय़ों एवं डोर-टू-डोर नुवान का छिड़काव कराया जा रहा है। सीएमओ मोहेन्द्र कुमार साहू ने कहा कि सावधानी बरतने के लिए मुनादी कराया जाएगा। साथ ही शहर में दवा छिड़काव में तेजी लाई जाएगी। स्वच्छता निरीक्षक श्रीनिवास द्विवेदी ने लोगों से गुजारिश की है कि डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। डेंगू से बचाव के लिए मच्छर दानी का उपयोग करें, खुले में शौच न करें, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें, संभवत: घरों के दरवाजों खिड़कियों में जाली लगाएं। वार्ड पार्षदों द्वारा सजगता से अपने वार्डों में सफाई एवं मच्छरनाशी दवाईयों का छिड़काव कराया जा रहा है। आज विजय सुखवानी उपाध्यक्ष, जय प्रकाश बघेल, मिलन चौहान, पंचू साहू पार्षदों ने अभियान में सहयोग किया।
मौसमी बीमारियों से बचने सतर्कता बरतें-कलक्टर
वर्षा ऋतु के आगमन के साथ ही जल जनित बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है। सतर्कता से मौसमी बीमारियों से बचा जा सकता है। पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखें। हैंडपंपों के आसपास स्वच्छता बरती जाए। गंदे पानी की निकासी के लिए समुचित नाली का निर्माण किया जाए। उक्त बातें कलक्टर महादेव कावरे ने लोगों को जागरुक करते हुए कही। कलक्टर ने एएनएम, मितानिन, कोटवार एवं स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले को निर्देश दिए हैं कि यदि किसी गांव में डायरिया की शिकायत मिलती है तो तत्काल इसकी सूचना ब्लॉक एवं जिलास्तर के अधिकारियों को दें।